अजमेर / पुष्कर मेले में 2 हजार महिलाओं ने एक साथ किया घूमर, इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज

Dainik Bhaskar : Nov 07, 2019, 09:24 PM
पुष्कर. गुरुवार को पुष्कर मेले में घूमर का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना। यहां 2 हजार महिलाओं ने एक साथ घूमर की प्रस्तुति दी। इसे इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया। पुष्कर के कलेक्टर विश्व मोहन शर्मा को इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड के भानु प्रताप ने रिकॉर्ड का प्रमाण पत्र सौंपा। खास बात यह रही कि बारिश होने के बावजूद भी महिलाएं लगातार घूमर करती रहीं।

धोरों में कबड्‌डी खेल रोमांचित हुए विदेशी सैलानी

मेले में खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान मैदान में स्थानीय और विदेशी मेहमानों के बीच कबड्‌डी का रोमांचक मुकाबला हुआ। विदेशी प्रतियोगियों ने भी स्थानीय युवकों की टीम का डट कर सामना किया। मेहमान भले ही मैच हार गए। लेकिन, रेतीले मैदान में पहली बार कबड्डी खेल कर वे काफी रोमांचित हुए।

पशुओं की खरीद-फरोख्त जारी

मेले का लुत्फ उठाने के लिए बड़ी संख्या में विदेशी मेहमान यहां ठहरे हैं। सरोवर में स्नान और देव दर्शन के लिए शहरी व ग्रामीण श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। वहीं, मेला स्टेडियम में आयोजित पशु व खेल-कूद प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। रात को कलाकार रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुतियां देकर लोक, कला एवं संस्कृति की छटा बिखेर रहे हैं।

अब तक 2.52 करोड़ से अधिक के पशु बिके 

बुधवार की शाम तक विभिन्न प्रजाति के 6680 पशु आए हैं। इनमें से 520 ऊंट व 625 घोड़े-घोड़ी की बिक्री हुई है। पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. अजय अरोड़ा ने बताया कि मेले में अब तक कुल 1145 पशुओं की खरीद-फरोख्त के लिए 2 करोड़ 52 लाख 45 हजार 50 रुपए का लेनदेन हुआ है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER