भरतपुर / मॉर्निंग वॉक पर निकले 6 लोगों को तेज रफ्तार वाहन ने कुचला, 4 की मौत

Dainik Bhaskar : Jul 11, 2019, 11:58 AM
कुम्हेर (भरतपुर). यहां गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार वाहन ने मॉर्निंग वॉक पर निकले 6 लोगों को कुचल दिया। हादसे में चार की मौत हो गई। दो की हालत नाजुक है। हादसे के दौरान हुई तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर निकलकर आए और घायलों को तुरंत अस्पताल ले गए। हादसा कुम्हेर में धनवाड़ा रोड पर सुबह करीब 5 बजे हुआ। 

पुलिस ने बताया कि कुम्हेर के गुदड़ी मोहल्ले के रहने वाले 6 लोग सुबह सैर पर निकले थे। तभी एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद वाहन चालक गाड़ी को वहां से भगा ले गया। हादसे के बाद आसपास के लोग घटनास्थल पहुंचे और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने 4 को मृत घोषित कर दिया।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि हादसा किस वाहन से हुआ। पुलिस के मुताबिक, कुछ लोगों का कहना है कि हादसा पिकअप से हुआ। वहीं कुछ लोगों ने बताया है कि उन्होंने घटनास्थल के पास से एक कार जाती देखी थी। टायरों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस वाहन का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

घटना से नाराज लोगों ने अस्पताल के बाहर जाम लगा दिया। हालांकि, बाद में पुलिस ने लोगों को समझाया। हादसे में रघुवर दयाल बघेल, प्रेमसिंह बघेल, निरोती सैनी, मख्खन नागर की मौत हो गई। सभी मृतकों के शव को पीएम कराके परिजनों को सौंप दिया गया है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER