राजस्थान / शादी समारोह में भोजन करने से राजस्थान के चुरु में 45 बच्चों समेत 100 लोग पड़े बीमार

Zoom News : Sep 02, 2021, 07:12 PM
जयपुर: राजस्थान में चूरू जिले के सरदारशहर कस्बे में फूड पायजनिंग से 45 बच्चों सहित 100 लोग बीमार हो गए। इन सभी को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। बीमार हुए लोगों ने एक शादी समारोह में बुधवार रात भोजन किया था। देर रात इनकी तबीयत बिगड़ने लगी। बृहस्पतिवार दोपहर तक 100 लोग अस्पतालों में पहुंचे।

मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए चूरू जिला मुख्यालय से चिकित्सक और आवश्यक दवाईयां भेजी गई है। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार कई मरीजों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। सरदारशहर के वार्ड नंबर 44 निवासी कालू कुचामणिया की चार बेटियों की बुधवार को शादी थी।

शादी समारोह में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। रात 11 बजे तक भोजन का सिलसिला चला। इसके बाद कई लोगों में पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हुई। चिकित्सकों ने इसे फूड पायजिनिंग बताया। जानकारी के अनुसार रात 1 बजे से लोगों का अस्पताल पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ था।

उधर प्रशासन ने कोविड गाइडलाइन का उल्लंघन करते हुए शादी समारोह में बड़ी संख्या में लोगों को आमंत्रित करने पर आयोजक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सरकार ने शादी समारोह में 50 लोगों के शामिल होने की अनुमति दी हुई है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER