चूरू / 48 नए कोरोना पॉजिटिव मिले, जिला जेल के चार बंदी, दो कार्मिक और एसबीआई के तीन कार्मिक संक्रमित

Zoom News : Sep 14, 2020, 10:40 AM

चूरू जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेज होती जा रही है। रविवार को 48 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें चूरू के 16 मामले शामिल हैं। चूरू के जिला जेल के चार बंदी व दो कार्मिक संक्रमित मिलने के बाद सभी बंदियों के सैंपल करवाए गए हैं। जिला मुख्यालय के एसबीआई में एक गार्ड व दो कार्मिक के पॉजिटिव मिलने के बाद बैंककर्मियों के सैंपल लिए गए हैं। इधर, सादुलपुर में एक बंदी व एसबीआई के कार्मिक संक्रमित मिले हैं।

नए मिले मामलों में सर्वाधिक 18 राजगढ़ तहसील के हैं। इनमें 17 राजगढ़ शहर के हैं। चूरू में 16, सरदारशहर में चार, सुजानगढ़ में चार, रतनगढ़ में एक, सीकर-झुंझुनूं के 2-2 एवं हनुमानगढ़ का एक व्यक्ति संक्रमित मिला है।

कोरोना पॉजिटिव महिला ने दिया नवजात को जन्म : राजकीय डीबी अस्पताल के कोरोना वार्ड में रविवार सुबह एक कोरोना पॉजिटिव महिला ने नवजात को जन्म दिया। उप नियंत्रक डॉ. मनोज शर्मा ने बताया कि प्रसव के बाद महिला व नवजात दोनों ठीक हैं। महिला सांडवा की निवासी है।
सादुलपुर. यहां की सब जेल में पिछले चार सालों से न्यायिक अभिरक्षा में चल रहे विचाराधीन बंदी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। सब जेलर पीएन शर्मा ने बताया कि 25 वर्षीय विचाराधीन बंदी 14 सितंबर 2016 से न्यायिक अभिरक्षा में चल रहा है। शुक्रवार को सभी विचाराधीन बंदियों की सैंपलिंग करवाई थी।

शनिवार को उक्त बंदी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसे चूरू भेजा गया है। इसी प्रकार हमीरवास पुलिस द्वारा गिरफ्तार दो आरोपियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इधर, एसबीआई बैंक के पांच कर्मचारियों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव मिली है। रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने पर बैंक को बंद किया है।

कोराेना अपडेट

कुल पॉजिटिव : 1532

ठीक हो गए 838 कुल मौत 18 नए पॉजिटिव 48 एक्टिव केस 683 कुल सैंपल 59171 निगेटिव 57777

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER