Greater Noida / जेल में गुजरेंगी गालीबाज श्रीकांत की रातें, 14 दिन की न्यायिक हिरासत

Zoom News : Aug 09, 2022, 09:47 PM
ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कोर्ट ने नोएडा की ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में महिला से गाली-गलौज और हाथापाई के मामले में आरोपी गालीबाज नेता श्रीकांत त्यागी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। नोएडा पुलिस की टीम ने मंगलवार सुबह श्रीकांत त्यागी को उसके तीन साथियों के साथ मेरठ से गिरफ्तार किया था।

नोएडा पुलिस कमिश्नर ने बताया कि श्रीकांत त्यागी से गहनता से पूछताछ की जा रही है, उसे फरार रहने के दौरान किस-किस ने शरण दी इस बात की भी जानकारी हासिल की जा रही है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान कुछ अहम जानकारी मिली हैं, जिनके आधार पर पुलिस अग्रिम कार्रवाई करेगी।

एफआईआर दर्ज होने के बाद से गालीबाज नेता श्रीकांत त्यागी पर पुलिस और प्रशासन का चौतरफा शिकंजा कसने के बाद से ही वह बचने के लिए भागा-भागा फिर रहा था। प्रशासन द्वारा नोएडा स्थित उसके आवास के बाहर बनाए गए अवैध निर्माण को ढहाने के बाद अब भंगेल मार्केट में स्थित उसकी दुकान पर जीएसटी टीम का छापेमारी की गई थी। इसके बाद नोएडा पुलिस की ओर से आरोपी श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी में मदद करने वाले व्यक्ति को 25,000 रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की थी।  

एसएचओ सहित 6 पुलिस कर्मी सस्पेंड

एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) प्रशांत कुमार ने सोमवार को बताया था कि इस मामले में डीजीपी द्वारा थाना फेस-2 के एसएचओ सुजीत उपाध्याय सहित सोसाइटी की सुरक्षा में तैनात किए गए एक सब-इंस्पेक्टर और चार सिपाहियों को भी काम में लापरवाही बरतने के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया है।

पीड़ित महिला को दिए गए दो पीएसओ

इसके साथ ही पीड़ित महिला को भी दो सुरक्षा कर्मी उपलब्ध कराए गए हैं। बताया जा रहा है कि सोसाइटी में आने वाले हर व्यक्ति की गहनता से जांच की जा रही है। उक्त महिला ने त्यागी द्वारा सोसायटी के साझा क्षेत्र में पौधे लगाने पर आपत्ति जताई थी, जिससे वह भड़क उठा था।

बता दें कि, श्रीकांत त्यागी कथित तौर पर खुद को भाजपा नेता बताकर लोगों पर रौब झाड़ता था, लेकिन महिला के साथ बदसलूकी के मामले में श्रीकांत त्यागी का वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा ने उससे पल्ला झाड़ लिया था। स्थानीय भाजपा सांसद डॉ. महेश शर्मा ने शनिवार को त्यागी के भाजपा सदस्य होने से इनकार किया था।

इस घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे, जिनमें से एक में त्यागी महिला के खिलाफ कथित तौर पर गंदी-गंदी गालियां देने के साथ अपशब्दों का इस्तेमाल करते और हाथापाई करते दिख रहा था। त्यागी ने महिला के पति के लिए भी कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए अपमानजनक टिप्पणी की थी। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER