बॉलीवुड / एक्ट्रेस काजल अग्रवाल तलाश खत्म, जल्द ही इस शख्स के साथ लेंगी सात फेरे

Zoom News : Oct 06, 2020, 11:30 AM
बॉलीवुड: पिछले काफी समय से कोरोना वायरस के कारण फिल्म इंडस्ट्री में फिल्में बनने के साथ ही सिलेब्रिटीज की शादियां भी थमी हुई थीं। अब फिल्मों की शूटिंग शुरू हो गई है तो सिलेब्रिटीज भी अपनी शादियों की तैयारियों में लग गए हैं। सिंघम फेम एक्ट्रेस काजल अग्रवाल बहुत जल्द शादी के बंधन में बंधने वाली हैं। काजल के फैंस के लिए यह सरप्राइज‍िंग तो है ही पर बहुत बड़ी खुशखबरी भी है। रिपोर्ट्स हैं कि काजल के पर‍िवार वाले उनके लिए लड़का ढूंढ़ रहे थे और अब उनकी ये तलाश खत्म हो गई है। उन्हें लड़का मिल गया है और जल्द ही काजल की शादी हो जाएगी। 

काजल अग्रवाल बिजनेसमैन गौतम किचलू संग सात फेरे लेने वाली हैं। काजल को गौतम के पैरेंट्स के साथ मंद‍िरों के दर्शन करते हुए देखा गया है। हालांकि दोनों की शादी पर अभी कोई ऑफिश‍ियल बयान नहीं आया है। खबरों की मानें तो काजल के माता-प‍िता अब उनकी शादी देखना चाहते हैं। वे काफी समय से बेटी के लिए अच्छा लड़का ढूंढ़ रहे थे। अब जब उन्हें लड़का मिल गया है तो वे इस शुभ काम में देरी नहीं करना चाहते हैं। 

काजल पिछले 16 साल से फिल्म इंडस्ट्री में हैं। उन्होंने फ‍िल्म 'क्यों हो गया ना' से एक्ट‍िंग डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने साउथ इंडस्ट्री की तरफ रुख कर लिया। वे साउथ की पॉपुलर एक्ट्रेस हैं। अब वे हिंदी फिल्मों में भी अच्छी पहचान बना चुकी हैं। 

काजल अग्रवाल को सिंघम में अजय देवगन के साथ देखा गया था। इस फिल्म में उनकी एक्ट‍िंग ने दर्शकों के दिल में जगह बनाई। सिंघम के अलावा काजल ने स्पेशल 26, दो लफ्जों की कहानी जैसी हिंदी फिल्मों में काम किया है। उनकी अपकमिंग फिल्मों में तेलुगू और तमिल फिल्मों के साथ-साथ बॉलीवुड मूवी मुंबई सागा भी शामिल है। यह एक मल्टी स्टारर फिल्म है। 

एक्ट्रेस, कमल हासन के साथ साउथ मूवी 'इंड‍ियन' में भी हैं। इस फिल्म का निर्देशन शंकर ने किया है। काजल इसमें अहम रोल निभा रही हैं। मालूम हो कि काजल की छोटी बहन निशा अग्रवाल भी एक्ट्रेस हैं। निशा की शादी 2013 में हो गई थी। उन्होंने मुंबई बेस्ड बिजनेसमैन से शादी की थी और अब उनका एक बेटा है। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER