विश्व / अमेरिका / लेट नाइट शो होस्ट करने वाली भारतीय मूल की पहली महिला बनेंगी लिली सिंह

Dainik Bhaskar : Mar 16, 2019, 01:10 PM
न्यूयॉर्क. यूट्यूब स्टार और कॉमेडियन लिली सिंह एनबीएस चैनल में एक लेट नाइट (देर रात) के शो को होस्ट करेंगी। ऐसा करने वाली वह भारतीय मूल की पहली महिला होंगी। 30 साल की लिली का शो ‘अ लिटिल लेट विद लिली सिंह’ इस साल सितंबर से टेलिकास्ट होगा। यूट्यूब पर भी वे इसी नाम से टॉक शो होस्ट करती हैं। उनके शो में द रॉक के नाम से मशहूर हॉलीवुड स्टार ड्वेन जॉनसन, अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की पत्नी मिशेल और प्रियंका चोपड़ा भी हिस्सा ले चुकी हैं। 

खास बात यह है कि लिली ने 9 साल पहले यह शो शुरू किया था। कुछ साल में ही यूट्यूब पर उनके शो को फॉलो करने वालों की संख्या करोड़ो में हो गई। अभी यूट्यूब चैनल में उनके करीब 1.5 करोड़ फॉलोअर्स हैं। उनका यह शो एनबीसी के लोकप्रिय कारसन डाली के शो की जगह लेगा। शो देर रात 1.35 बजे प्रसारित किया जाएगा। इसमें लिली इसमें हॉलीवुड और राजनीतिक हस्तियों का इंटरव्यू लेंगी। 

भारत के पंजाब से है रिश्ता

लिली के माता-पिता भारत के पंजाब से हैं। उनका जन्म कनाडा के ओंटारियो में हुआ। टोरंटो की यॉर्क यूनिवर्सिटी से 2010 मेें ग्रेजुएशन पूरा करने के बाद उन्होंने एक्ट्रेस और कॉमेडियन के तौर पर अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया। इसमें वे दक्षिण एशिया के बारे में फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए सटायर (व्यंग्य) पेश करती हैं। दो साल पहले उन्हें फेवरेट यूट्यूब स्टार का पीपुल्स चॉइस अवॉर्ड दिया गया था। एक महीने पहले ही ट्वीट में लिली ने दक्षिण एशियाई मूल का होने पर गर्व जताते हुए कहा था- मैं महिला, अश्वेत और बाइसेक्शुअल हूं।

अभी मीडिया ग्रुप्स में लेट नाइट शो पेश नहीं करती महिलाएं

खास बात यह है कि अमेरिका में अभी चार बड़े मीडिया ग्रुप्स के किसी भी चैनल में महिला शो प्रेजेंटर नहीं हैं। इसी शुक्रवार लोकप्रिय शो ‘द टुनाइट शो विद जिमी फैलन’ में उन्होंने अपने लेट नाइट शो का ऐलान किया। महिला सशक्तीकरण पर काम करने के लिए संयुक्त राष्ट्र की संस्था यूनिसेफ ने लिली को गुडविल एम्बेसडर बनाया है। इसके अलावा महिलाओं में नफरत कम करने के लिए उन्होंने ‘गर्ल लव’ नाम का एक अभियान भी शुरू किया है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER