भरतपुर / दुल्हन का भाई चला रहा था कार, मॉर्निंग वॉक पर निकले 6 लोगों को कुचला

Dainik Bhaskar : Jul 12, 2019, 11:50 AM
कुम्हेर (भरतपुर). यहां गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने मॉर्निंग वॉक पर निकले 6 लोगों को कुचल दिया। हादसे में छ लोगों की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही गाड़ी भी जब्त कर ली गई है। वहीं, राजस्थान सरकार में मंत्री विश्वेंद्र सिंह भी मृतकों के परिवार से मिलने पहुंचे। गौरतलब है कि हादसा कुम्हेर में धनवाड़ा रोड पर सुबह करीब 5 बजे हुआ था। बाद में कार अलवर शहर में हनुमान मंदिर चाैराहे पर लावारिस हाल में खड़ी मिली। 

मौके पर मिले कार के बंपर पर लगे कोड के आधार पर पुलिस ने इस कार से ही हादसा होने की पुष्टि की। जांच में सामने आया है कि यह कार एक दिन पहले ही 10 जुलाई की रात को शादी के दौरान कोटपूतली निवासी दूल्हे को दी गई थी। सुबह यह कार मैरिज होम से निकली और हादसे को अंजाम दिया। जानकारी अनुसार, हादसे के वक्त दुल्हन का भाई कार चला रहा था।  

क्या है मामला 

पुलिस ने बताया कि कुम्हेर के गुदड़ी मोहल्ले के रहने वाले 6 लोग सुबह सैर पर निकले थे। तभी एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद वाहन चालक गाड़ी को वहां से भगा ले गया। हादसे के बाद आसपास के लोग घटनास्थल पहुंचे थे। घटना से नाराज लोगों ने अस्पताल के बाहर जाम लगा दिया। हालांकि, बाद में पुलिस ने लोगों को समझाया। हादसे में रघुवर दयाल बघेल, प्रेमसिंह बघेल, निरोती सैनी, मख्खन नागर, हरि और रामेश्वर पुत्र श्रीपत बघेल  की मौत हो गई। मृतकों के शव को पीएम कराके परिजनों को सौंप दिया गया है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER