उत्तर प्रदेश / झांसी में हुआ बड़ा हादसा, दीवार गिरने से दबे 15 मजदूर, 5 की मौत

News18 : Jan 04, 2020, 02:44 PM
झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी (Jhansi) में बड़ा हादसा सामने आया है। यहां दीवार गिरने से 15 मजदूर दब गए, जिनमें से 5 मजदूरों की मौत की खबर है। हादसे में कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं। जानकारी के अनुसार बरुआसागर थाना क्षेत्र के लक्ष्मनपुरा गांव की ये घटना है। पता चला कि यहां स्टोन क्रशर की दीवार पर कुछ मजदूर प्लास्टर कर रहे थे। तभी ये हादसा हुआ। मौके पर राहत बचाव कार्य शुरू हो गया है। मृतकों की संख्या में इजाफा हो सकता है।

वहीं हादसे के बाद कैलाश स्टोन क्रेशर सवालों के घेरे में आ गया है। आरोप है कि क्रेशर की दीवार बनाने वाले मजदूरों का न तो कोई रजिस्ट्रेशन था, न हीं उन्हें कोई सुरक्षा उपकरण मोहैया कराए गए थे। बिना किसी सुरक्षा उपकरणों से ही क्रेशर पर मजदूरों से काम करवाया जा रहा था। मामले में कैलाश स्टोन क्रेशर के मालिक भी सवालों के घेरे में हैं। लोगों का कहना है कि क्रेशर की समय पर जांच  होती तो हादसा टाला जा सकता था।

सीएम योगी ने जताया दुख

उधर हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को घटनास्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया है। साथ ही घायलों को हर संभव मदद देने का भरोसा दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्घटना में घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था की जाए और पीड़ितों को अनुमन्य आर्थिक सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री ने हादसे में दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति की कामना करते हुए उनके शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।


SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER