मध्य प्रदेश / बीजेपी ने एमपी में होने वाले उप-चुनाव में 50% टिकट महिलाओं को दिए: सीएम शिवराज

Zoom News : Oct 21, 2021, 09:10 AM
नई दिल्ली: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) ने ऐलान किया है कि उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव (UP Election 2022) में कांग्रेस महिलाओं को 40 फीसदी सीटें देगी। प्रियंका गांधी के इस बयान पर अब मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हम (BJP) महिलाओं को पहले ही चुनावों में 50 फीसदी सीट दे चुके हैं। 

सीएम शिवराज ने कहा कि मध्य प्रदेश की चार सीटों पर होने वाले उपचुनाव में बीजेपी ने पहले ही 50 प्रतिशत महिला उम्मीदवार उतारे हैं। प्रियंका गांधी द्वारा 2022 के यूपी चुनावों में 40 फीसदी महिला उम्मीदवारों को टिकट देने की घोषणा की। इसी के बारे में पूछे जाने पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उनके पास पहले से ही राज्य में 50 प्रतिशत आरक्षण है।

शिवराज सिंह चौहान ने मीडियाकर्मियों से कहा कि मुझे नहीं पता कि उन्होंने क्या कहा, लेकिन हमारे यहां 50 प्रतिशत (चुनाव टिकटों में आरक्षण) है। चार उपचुनावों में, हमारे पास दो महिला उम्मीदवार हैं, बीजेपी यहां जीतेगी।

चौहान मंगलवार रात अलीराजपुर जिले के जोबट में विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के दौरान पत्रकारों से बातचीत में प्रियंका गांधी की घोषणा पर यह प्रतिक्रिया दी। मध्य प्रदेश में तीन विधानसभा सीटों- जोबत (अलीराजपुर), रायगांव (सतना), पृथ्वीपुर (निवारी) और खंडवा लोकसभा क्षेत्र के लिए उपचुनाव 30 अक्टूबर को होने हैं।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को कहा कि अगर कोई महिला चुनाव लड़कर समाज में बदलाव लाना चाहती है तो वह कांग्रेस में शामिल हो सकती है और महिला शक्ति और सहानुभूति क्रांति ला सकती है।

प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने फैसला किया है कि वह उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों में महिलाओं को कुल चुनावी टिकट का 40 प्रतिशत देगी। ये टिकट सिर्फ जाति या धर्म के आधार पर नहीं बल्कि योग्यता के आधार पर दिए जाएंगे।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER