ईरान / तेहरान एयरपोर्ट से उड़ान भरने के 3 मिनट बाद बोइंग-737 विमान क्रैश, 170 लोगो की मौत

Dainik Bhaskar : Jan 08, 2020, 10:56 AM
तेहरान | ईरान में तेहरान स्थित इमाम खोमेनी एयरपोर्ट पर बुधवार सुबह बोइंग-737 विमान उड़ान भरने के 3 मिनट बाद ही क्रैश हो गया। ईरान के आपातकालीन सेवाओं के एक अफसर ने सरकारी मीडिया से दावा किया कि विमान में सवार सभी 170 लोगों की मौत हो गई। ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी के मुताबिक, यूक्रेन एयरलाइंस का विमान यूक्रेन के कीव जा रहा था। हादसे की वजह तकनीकी खराबी बताई जा रही है। उड्डयन विभाग की एक टीम घटनास्थल पर जांच के लिए मौजूद है। अभी तक सरकार और एयरलाइन के किसी अफसर ने इस घटना पर टिप्पणी नहीं की है। 

फ्लाइट रडार 24 वेबसाइट ने एयरपोर्ट के डेटा के आधार पर बताया कि यूक्रेन के बोइंग 737-800 विमान को स्थानीय समयानुसार सुबह 5:15 पर उड़ान भरनी थी। हालांकि, इसे 6:12 पर रवाना किया गया। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद ही फ्लाइट ने डेटा भेजना बंद कर दिया। एयरलाइन ने इस मामले में अब तक बयान जारी नहीं किया है। 

भारत में भी हादसे का शिकार हुआ है बोइंग 737-800 विमान

बोइंग 737-800 दो इंजन वाला जेट है। दुनियाभर की सैकड़ों एयरलाइंस इस माॅडल के विमान इस्तेमाल करती हैं। 1990 में आया यह विमान बोइंग 737 मैक्स विमान का पुराना वर्जन है। बोइंग 737-800 भी इससे पहले कई दुर्घटनाओं का शिकार हो चुका है। मई 2010 में एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान मैंगलोर में लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इसमें 150 लोगों की मौत हुई थी। बोइंग 737-800 क्रैश का सबसे ताजा मामला मार्च 2016 का है। फ्लाईदुबई एयरलाइन का विमान रूस के रोस्तोव-ऑन-डॉन एयरपोर्ट पर लैंड करने की कोशिश में क्रैश हुआ था। इसमें भी 62 लोेग मारे गए थे। 

बोइंग-737 विमानों के लिए खराब साल रहा 2019 और 2018

पिछले साल मार्च में बोइंग-737 मॉडल का ही एक विमान टेकऑफ के 6 मिनट बाद क्रैश हो गया था। इसमें 157 यात्रियों की मौत हुई थी। वहीं, 2018 में भी इंडोनेशिया के जकार्ता में लॉयन एयरलाइंस का बोइंग-737 उड़ान भरने के बाद ही क्रैश हुआ था। इसमें 112 की मौत हुई थी। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER