राजस्थान /चूरू / 2 गुटों के बीच दिनदहाड़े चली गोलियां,4 की हत्या

Zoom News : Feb 05, 2021, 07:07 PM
चूरू जिले के गांव ढाणी मौजी में हुई गोलीबारी, सात लोग घायल हुए


चूरू जिले के हमीरवास थाना क्षेत्र में शुक्रवार को गैंगवार में 4 लोग मारे गए। ढाणी मौजी गांव में दिनदहाड़े संपत नेहरा गैंग और प्रदीप स्वामी गैंग के बीच दिनदहाड़े गोलियां चलीं। इसमें अब तक मिली खबर के मुताबिक, 4 लोग मारे गए हैं। गैंगवार की सूचना पर भारी संख्या में पहुंची पुलिस फोर्स ने चारों तरह से गांव को घेर लिया है। हालांकि गैंगवार के बाद दोनों गैंग के लोग मौके से भाग गए हैं।


जानकारी के मुताबिक, प्रदीप स्वामी और उसके साथियों पर संपत नेहरा गैंग ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। प्रदीप स्वामी को नेहरा गैंग से जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं।


नेहरा गैंग की तरफ से प्रदीप स्वामी और उसके साथियों पर हुए हमले के बाद कुछ ग्रामीण प्रदीप गैंग के बचाव में आ गए। इस दौरान हुए झगड़े में नेहरा गैंग के एक साथी की भी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार गोलीबारी में कुल सात लोग घायल हुए हैं। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है।


फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि गैंगवार में मरने वाले कौन-कौन हैं। कुछ लोगों का कहना है कि गैंगवार में गोली लगने से 2 ग्रामीणों की भी मौत हुई है। वहीं पुलिस ने इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दी है। पुलिस ने कहा कि अभी जांच की जा रही है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER