CBSE 10th का रिजल्ट / परीक्षा के 118 दिन बाद आए बोर्ड के नतीजों में लड़कियां फिर आगे; 91.46% बच्चे पास, 0.36% अच्छा रहा रिजल्ट

Zoom News : Jul 15, 2020, 10:31 PM

सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकंडरी एजुकेशन (CBSE) की 10वीं क्लास का रिजल्ट जारी हो गया है। इस बार का नतीजा पिछले साल की तुलना में सिर्फ 0.36% बढ़ा है और कुल 91.46% बच्चे पास हुए हैं। 2018 के बाद से लगातार तीसरे साल लड़कियों का पास पर्सेंट लड़कों से 3.17% ज्यादा है। इस तरह लड़कियों ने अपनी टॉप पोजिशन की हैट्रिक बना ली है।

118 दिन के इंतजार के बाद रिजल्ट

कोरोना से प्रभावित और बाद में रद्द हुई परीक्षा के लिए इस बार बोर्ड ने बिना मेरिट लिस्ट यानी टॉपर्स के नाम के बिना रिजल्ट जारी किया है। पिछले साल 6 मई को रिजल्ट आ गया था, लेकिन इस साल नतीजे पूरे 70 दिन लेट आया है और 19 मार्च को खत्म हुई परीक्षा के नतीजे कुल 118 दिन बाद आए हैं। 

स्टूडेंट्स बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट cbseresults.nic.in पर रिजल्ट देख सकते हैं। इसके अलावा बोर्ड ने उमंग ऐप, SMS और IVRS से भी रिजल्ट देखने की सुविधा दी है। 


2020 के रिजल्ट की 4 बड़ी बातें 

1. 16 रीजन में से त्रिवेंद्रम रीजन ने 99.28% रिजल्ट के साथ टॉप किया है, गुवाहाटी रीजन 79.12% के साथ सबसे नीचे है।

2. लड़कियों ने लगातार तीसरे साल लड़कों से बाजी मारी है। लड़कियों का पास पर्सेंट 93.31 रहा, जबकि लड़कों का 90.14% रहा। इस तरह लड़कियां 3.17% आगे रहीं। पिछले साल की तुलना में लड़कियां का प्रदर्शन 0.9% सुधरा है, लड़कों का जस का तस 90.14% है।

3. रिजल्ट में 99.23% के साथ केंद्रीय विद्यालय नंबर 1 पर हैं जबकि 98.66% के साथ जवाहर नवोदय दूसरे नंबर पर हैं। 

4. साल 2020 में कुल 1 लाख 84 हजार 358 बच्चों को 90% से ऊपर और 41 हजार 804 बच्चों को 95% से ऊपर नंबर मिले हैं। दोनों ही कैटेगरी में ये आंकड़ा पिछले साल से कम है।

केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री निशंक ने ट्वीट कर जानकारी दी कि बोर्ड ने रिजल्ट अनाउंस कर दिए हैं और उन्हें http://www.cbseresults.nic.in/ पर देखा जा सकता है। लेकिन, रिजल्ट आने के ढाई घंटे बाद तक वेबसाइट बार-बार क्रैश हुई और लिंक नजर न आने की भी शिकायतें आईं। इसके बाद बोर्ड की ओर से कहा गया कि बच्चों को उनके स्कूल, उनके खुद के मोबाइल पर SMS और डिजीलॉकर पर भी रिजल्ट भेजा जा रहा है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER