पंजाब का नया मंत्रिमंडल / मुख्यमंत्री भगवंत मान और उनके मंत्रियों ने शुरू किया काम, जानिए हर महीने किसे कितनी सैलरी मिलेगी?

Zoom News : Mar 22, 2022, 11:17 AM
पंजाब में भगवंत मान सिंह नए मुख्यमंत्री के तौर पर कामकाज शुरू कर चुके हैं। मान कैबिनेट के मंत्री हरपाल सिंह चीमा, डॉ. बलजीत कौर, हरभजन सिंह ईटीओ, डॉ. विजय सिंगला, लालचंद्र कटारूचक्क, गुरमीत सिंह मीत हेयर, कुलदीप सिंह धालीवाल, लालजीत सिंह भुल्लर, ब्रह्मशंकर जिंपा और हरजोत सिंह बैंस भी कार्यभार संभाल चुके हैं। 

मुख्यमंत्री मान सिंह और उनके आठ मंत्री करोड़पति हैं, वहीं दो मंत्री लखपति हैं। फिर भी, सरकार की तरफ से इन सभी को अच्छी खासी सैलरी दी जाएगी। आइए जानते हैं मुख्यमंत्री और मंत्रियों की कितनी सैलरी होगी? 

  • मुख्यमंत्री को क्या सुविधाएं मिलेंगी? 
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सिंह दो मदों में सैलरी लेंगे। मुख्यमंत्री के तौर पर 2.30 लाख रुपये और विधायक के रूप में 93 हजार रुपये की सैलरी होगी। इसमें कई तरह के अलाउंस भी शामिल है। इसके अलावा मुख्यमंत्री को सुरक्षा, मेडिकल सुविधा, आवासीय सुविधा और यात्रा भत्ते भी दिए जाऐंगे। मुख्यमंत्री को बिजली और फोन की सुविधा भी मिलेगी। 

  • मंत्रियों की क्या सैलरी होगी? 
पंजाब में कैबिनेट मंत्रियों को अलग-अलग भत्तों के साथ कुल 1.10 लाख रुपये महीने मिलेंगे। मंत्रियों की सैलरी 40 हजार रुपये है। इसके अलावा अन्य भत्ते मिलेंगे। जिसे मिलाकर कुल 1.10 लाख रुपये बनते हैं। 

  • नेता प्रतिपक्ष की कितनी सैलरी?
पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की सैलरी हर महीने 50 हजार रुपये निर्धारित है। इसके अलावा अलग-अलग मदों में मिलने वाले भत्ते भी हैं। जिसमें ऑफिस, स्टाफ, फोन, बिजली जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

  • विधायकों की सैलरी 
पंजाब के विधायकों को सैलरी के रूप में 25 हजार रुपये दिए जाते हैं। इसके अलावा 25 हजार रुपये हलके का भत्ता, 15 हजार रुपये ऑफिस, 10 हजार रुपये सेक्रेटरी का भत्ता भी मिलता है। इस तरह से एक विधायक को करीब 93 हजार रुपये मिलते हैं। 

आप ने बनाई सरकार

मुख्यमंत्री भगवंत मान की कैबिनेट।

पंजाब में इस बार आम आदमी पार्टी ने बड़ा उलटफेर किया। 92 सीटों पर जीत हासिल कर पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाई है। कांग्रेस को सिर्फ 18 और शिरोमणि अकाली दल को तीन सीटों पर ही संतोष करना पड़ा। भाजपा के खाते में दो और बसपा को एक सीट पर जीत मिली थी। 

इसके बाद 16 मार्च को भगवंत मान ने 25वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण की। वहीं, 19 मार्च को दस मंत्रियों का शपथ हुआ। मान की इस कैबिनेट में दो किसान, तीन वकील, दो डॉक्टर, एक सामाजिक कार्यकर्ता, एक इंजीनियर और एक व्यवसायी को मंत्री बनाया गया है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER