US-China Cyber Attack / चीन का अमेरिका पर गंभीर आरोप: NSA ने नेशनल टाइम सर्विस सेंटर पर किया साइबर हमला, संवेदनशील डेटा चोरी का दावा

चीन ने अमेरिका पर नेशनल टाइम सर्विस सेंटर पर साइबर हमला करने का आरोप लगाया है. चीन का दावा है कि अमेरिकी NSA ने संवेदनशील डेटा और क्रेडेंशियल्स चुराए हैं, जिससे देश की महत्वपूर्ण सेवाएं बाधित हो सकती हैं. इससे दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है.

चीन ने अमेरिका पर गंभीर साइबर हमले का आरोप लगाया है. चीन का कहना है कि अमेरिकी नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी (NSA) ने उसके नेशनल टाइम सर्विस सेंटर (NTSC) को निशाना बनाया है और बीजिंग का दावा है कि NSA ने संवेदनशील डेटा और क्रेडेंशियल्स चुराए हैं, जिससे देश के संचार नेटवर्क, बिजली आपूर्ति और वित्तीय प्रणालियों सहित महत्वपूर्ण सेवाएं बाधित हो सकती हैं. यह आरोप ऐसे समय में आया है जब दोनों देशों के बीच पहले से ही तनाव चरम पर है.

आरोप और सबूत

चीन के स्टेट सिक्योरिटी मिनिस्ट्री ने अपने वीचैट अकाउंट के जरिए बताया कि अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी पिछले काफी समय से नेशनल टाइम सर्विस सेंटर पर साइबर हमला कर रही है. रॉयटर्स के अनुसार, मंत्रालय ने सबूत मिलने की जानकारी दी है जिससे पता चलता है कि 2022 में अमेरिकी एजेंसी ने एक अज्ञात फोन ब्रैंड की मैसेजिंग सेवा में खामी का फायदा उठाया. इसके जरिए नेशनल टाइम सर्विस सेंटर के कर्मचारियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले डिवाइस से डेटा और क्रेडेंशियल्स चोरी किए गए.

नेशनल टाइम सर्विस सेंटर का महत्व

नेशनल टाइम सर्विस सेंटर चाइनीस एकेडमी ऑफ साइंसेज के अंतर्गत एक शोध संस्थान है. यह चीन का मानक समय तैयार करता है, उसका रखरखाव करता है और उसका प्रसारण करता है. इसकी सेवाएं देश की महत्वपूर्ण बुनियादी ढाँचों के लिए अत्यंत आवश्यक हैं. मंत्रालय की जांच में यह भी सामने आया है कि अमेरिका ने इंटरनल नेटवर्क सिस्टम पर हमले किए और 2023 और 2024 में हाई प्रेसिशन ग्राउंड बेस्ड टाइमिंग सिस्टम पर भी हमला करने का प्रयास किया.

बढ़ता तनाव

फिलहाल अमेरिकी दूतावास ने इस मामले में कोई टिप्पणी नहीं की है. पिछले कुछ सालों में चीन और अमेरिका के बीच साइबर हमलों के आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार बढ़ रहा है, और दोनों ही एक-दूसरे को अपना प्रमुख साइबर खतरा बता रहे हैं. इन नए आरोपों से वैश्विक मंच पर भू-राजनीतिक तनाव और बढ़ने की आशंका है.

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER