देश / सुबह 7 से 11 और शाम को 5 से 9, जानिए 7 सितंबर से नोएडा में मेट्रो चलने के नए नियम

AajTak : Sep 03, 2020, 10:12 PM
नई दिल्ली | कोरोना वायरस संक्रमण के चलते बंद पड़ी नोएडा मेट्रो एक बार फिर पटरी पर दौड़ने के लिए तैयार है। नोएडा मेट्रो 7 सितंबर से फिर से शुरू होगी। नोएडा अथॉरिटी की एमडी रितु महेश्वरी ने गुरुवार को बताया कि मेट्रो 7 सितंबर से चलेगी। सुबह 7 से 11 बजे और शाम को 5 से 9 बजे तक मेट्रो चलाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि एक्वा लाइन पर चलने वाली मेट्रो 7।30 मिनट के अंतराल के बजाय 15 मिनट में मिलेगी। 

रितु महेश्वरी ने कहा कि हर दो घंटे में पूरे सिस्टम को सैनिटाइज किया जाएगा। यात्रियों को थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही यात्रा की इजाजत मिलेगी और मोबाइल में आरोग्य सेतु ऐप होना जरूरी होगा। NMRC इस बात का प्रचार करेगा कि जिनमें सर्दी, जुकाम, बुखार या कोरोना के लक्षण हैं, वह मेट्रो से यात्रा न करें। सोशल डिस्टेंसिंग के लिए ट्रेन से लेकर प्लेटफॉर्म तक मार्किंग हो चुकी है। इसके साथ ही कम सामान लेकर यात्रा करने के लिए कहा जाएगा। 

'नियम तोड़ने पर सख्त एक्शन'

कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए सख्ती बरती जाएगी। किसी को भी बिना वजह के और ज्यादा देर स्टेशन परिसर में रुकने नहीं दिया जाएगा। इसके अलावा नियमों के पालन को सुनिश्चित करने पर विशेष जोर रहेगा। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने साफ किया है कि सीधे मेट्रो के कंट्रोल रूम से हर स्टेशन में निगरानी रखी जाएगी और अगर कोई जान बूझकर नियम तोड़ते हुए नजर आया, तो उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। 

केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने बताया कि लखनऊ मेट्रो का संचालन भी 7 सितंबर से शुरू होने जा रहा है। UPMRC पूरी तरह से तैयार है। वह अपने यात्रियों की सुरक्षा और स्वच्छता के लिए पूरी तरह से तैयार है। 

दिल्ली मेट्रो भी दौड़ने को तैयार

दिल्ली मेट्रो की सेवाएं 7 सितंबर से चरणबद्ध तरीके से शुरू होंगी। नई व्यवस्था के तहत मेट्रो का संचालन कई फेज में शुरू होगा। हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि पहले चरण में सुबह 7 बजे से 11 बजे तक यानी चार घंटे तक मेट्रो का संचालन किया जाएगा। इस चरण में पहले येलो लाइन पर मेट्रो की सेवा शुरू की जाएगी। पहले फेज में येलो लाइन पर मेट्रो सेवा शुरू की जाएगी जबकि दूसरे चरण में 9 सितंबर से दो और लाइनों पर मेट्रो की सेवा शुरू की जाएगी। तीसरा फेज 10 सितंबर से शुरू होगा। तीसरे चरण में रेड लाइन, बहादुरगढ़, फरीदाबाद-बल्लभगढ़ लाइनों पर मेट्रो ट्रेन का संचालन शुरू होगा।

 नए निमयों के मुताबिक कंटेनमेंट जोन में एंट्री और एग्जिट गेट बंद रहेंगे। थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही यात्री को मेट्रो से यात्रा की इजाजत दी जाएगी। आरोग्य सेतु ऐप के इस्तेमाल के लिए बढ़ावा दिया जाएगा। समय-समय पर पूरे स्टेशन को सैनिटाइज किया जाएगा। एसी में ताजी हवा के लिए व्यवस्था की जाएगी। यात्रियों से कम सामान के साथ यात्रा करने के लिए कहा जाएगा।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER