IPL 2022 / दिल्ली कैपिटल्स टीम की बस पर हमला, पांच-छह अज्ञातों के खिलाफ FIR दर्ज

Zoom News : Mar 16, 2022, 12:20 PM
आईपीएल 2022 में मुंबई के तीन अलग-अलग ग्राउंड पर लीग मैच खेले जाएंगे। इसके लिए सभी टीमें मुंबई में इकट्ठा होने लगी हैं। हालांकि, उससे पहले यहां पर एक विवाद हो गया है। मुंबई में मंगलवार को दिल्ली कैपिटल्स की टीम बस पर हमला किया गया। 

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, पांच-छह अनजान लोगों ने पार्किंग में खड़ी दिल्ली कैपिटल्स की बस पर हमला किया और तोड़फोड़ की। इसके बाद पुलिस ने इन सभी पांच छह लोगों पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने अज्ञातों पर आईपीसी की धारा 143, 147, 149 और 427 के तहत केस दर्ज किया गया। हालांकि, इस घटना में किसी को भी कोई चोट नहीं पहुंची।

मनसे के कार्यकर्ताओं के शामिल होने का आरोप

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये तोड़फोड़ महाराष्ट्रीय नवनिर्माण सेना (मनसे) के कार्यकर्ताओं ने की है। मनसे राज ठाकरे की पार्टी है। यह घटना ताज होटल के आसपास की बताई जा रही है। दरअसल, आईपीएल में टीमों ने बस का कॉन्ट्रैक्ट दिल्ली की कंपनी  है। वहीं, मनसे के कार्यकर्ताओं की मांग है कि ये कॉन्ट्रैक्ट महाराष्ट्र की कंपनी को देना चाहिए। यहीं से विवाद की शुरुआत हुई।

आईपीएल की शुरुआत 26 मार्च से होगी

इस साल आईपीएल में 65 दिनों में 70 लीग मुकाबले खेले जाएंगे। इसकी शुरुआत 26 मार्च से होगी। फाइनल 29 मई को खेला जाएगा। मुंबई के तीन अलग-अलग स्टेडियम में आईपीएल के कुल 55 लीग मैच खेले जाएंगे। यहां ब्रेबोर्न स्टेडियम, डीवाई पाटिल स्टेडियम और वॉनखेड़े मैदान मैच होंगे। 

दिल्ली अपना पहला मैच मुंबई के खिलाफ खेलेगी

दिल्ली कैपिटल्स की टीम अपना पहला मैच  27 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलेगी। ऋषभ पंत दिल्ली की कप्तानी करेंगे। दिल्ली कैपिटल्स की टीम अब तक आईपीएल का कोई भी खिताब नहीं जीत सकी। वहीं, मुंबई इंडियंस ने सबसे ज्यादा पांच बार खिताब पर कब्जा जमाया है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER