देश / भारत के COVID-19 वैक्सीन सर्टिफिकेट को 96 देशों ने मान्यता दी

केंद्र ने अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और फ्रांस सहित 96 देशों की सूची जारी की है, जिन्होंने भारत के साथ COVID-19 टीकाकरण प्रमाणपत्रों की पारस्परिक स्वीकृति पर सहमति व्यक्त की है। अन्य देशों में बांग्लादेश, नाइजीरिया, हंगरी, पोलैंड, जर्मनी, बेल्जियम, आयरलैंड, नीदरलैंड, स्पेन, कुवैत, यूएई, बहरीन, कतर, मालदीव, स्विट्जरलैंड, श्रीलंका, मॉरीशस, ऑस्ट्रिया, बहामास और ब्राजील शामिल हैं।

नई दिल्ली: भारतीय कोविड टीकाकरण प्रमाण पत्र को 96 देशों ने स्वीकार कर लिया है। मंगलवार को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि नागरिकों के लिए अच्छी बात है कि दुनिया भर के देश भारतीय कोविड टीकाकरण प्रमाण पत्र को मंजूरी दे रहे हैं। देश में अब तक 109 करोड़  से अधिक खुराकें दी जा चुकी है।

मंगलवार को एएनआई से बात करते हुए  केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि देश में अब तक 109 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी हैं। 'हर घर दस्तक' के तहत स्वास्थ्य कार्यकर्ता टीकाकरण अभियान को अंजाम देने के लिए सभी घरों में जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि डब्ल्यूएचओ ने अब तक 8 टीकों को ईयूएल (आपातकालीन उपयोग सूची) में शामिल किया है। हमें खुशी है कि इनमें से 2 भारतीय टीके कोवैक्सिन और कोविशील्ड को भी जगह मिली है। अब तक 96 देशों ने कोवैक्सिन और कोविशील्ड को मान्यता दे दी है। उन्होंने बताया कि इन देशों की जानकारी कोविन एप के जरिए ऑनलाइन प्राप्त की जा सकती है।

बता दें कि इससे पहले अक्टूबर माह में आस्ट्रेलिया और पांच अन्य देशों के अलावा दुनिया के 30 से अधिक देशों ने भारत के कोविड टीकाकरण प्रमाण पत्र को मान्यता दी थी।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER