देश / पंजाब और चंडीगढ़ कांग्रेस के नए प्रभारी बनाए गए हरीश चौधरी

कांग्रेस ने पंजाब और चंडीगढ़ के पार्टी प्रभारी के रूप में हरीश रावत की जगह हरीश चौधरी को तत्काल प्रभाव से नियुक्त कर दिया है जो राजस्थान सरकार में मंत्री हैं। हालांकि, रावत कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य के रूप में काम करते रहेंगे। इससे पहले रावत ने कहा था कि उन्हें पंजाब प्रभारी के दायित्व से मुक्त किया जाए।

नई दिल्ली: कांग्रेस ने राजस्थान के कैबिनेट मंत्री हरीश चौधरी (Harish Chaudhary) को पंजाब और चंडीगढ़ के लिए अपना नया प्रभारी नियुक्त किया है. वह उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की जगह पंजाब का प्रभार देखेंगे. रावत को आखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव और प्रभारी पद की जिम्मेदारी से मुक्त किया है, हालांकि उन्हें कांग्रेस कार्य समिति का सदस्य बनाए रखा गया है.

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी बयान के मुताबिक, पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) ने हरीश चौधरी की नियुक्ति की है. वेणुगोपाल ने यह भी बताया कि पार्टी, महासचिव के तौर हरीश रावत (Harish Rawat) के योगदान की सराहना करती है. पंजाब प्रदेश कांग्रेस में पिछले कई महीनों से चल रही उठापटक की पृष्ठभूमि में रावत ने पिछले दिनों कांग्रेस आलाकमान से आग्रह किया था कि उन्हें राज्य के प्रभारी की जिम्मेदारी से मुक्त किया जाए ताकि वह अपने गृह प्रदेश उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव पर ध्यान दे सकें.

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER