हरियाणा / चरित्र पर संदेह के चलते तेजधार हथियार से महिला की हत्या

Zoom News : Aug 11, 2020, 10:13 PM

हरियाणा के जींद जिले के धनौरी गांव में चरित्र पर संदेह के चलते एक व्यक्ति ने पत्नी की तेजधार हथियार से वार कर हत्या कर दी। घटना के समय आरोपी की मां व उसके बच्चे बाहर सो रहे थे। शोर सुनकर उनकी नींद खुल गई, लेकिन आरोपी मौके से भाग गया। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर डीएसपी ताहिर हुसैन व गढ़ी थाना प्रभारी राजेश कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर पति हवा सिंह और सास दर्शना के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।


पता चला है कि हवा सिंह व उसकी पत्नी गीता सोमवार रात को अपने कमरे में सो रहे थे। उनके तीन बच्चे हैं। इनमें से अजय रात को अपने काम पर चला गया था। उनकी 11 वर्षीय बेटी व 9 वर्षीय छोटा बेटा अपनी दादी के साथ बाहर के कमरे में सोए हुए थे। रात को ही पति-पत्नी में विवाद हो गया, जिस पर हवा सिंह ने अपनी पत्नी गीता की तेजधार हथियार से गर्दन व बाजू पर वार कर मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देकर जैसे ही हवा सिंह ने अपने मकान का मुख्य गेट खोला तो शोर से बच्चे भी उठ गए। बच्चे उठकर अपनी मां के पास कमरे में गए तो वहां अपनी मां को खून से लथपथ देकर वे चिल्लाने लगे। इसके बाद आरोपी की मां दर्शना व आसपास के लोग शव के पास पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल ले आई। पोस्टमार्टम के बाद मृतका के मायका पक्ष के लोग शव को हिसार के बोबुआ गांव ले गए, जहां शव का अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने मृतका के भाई पारस की शिकायत पर पति हवा सिंह व सास दर्शना के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

बेटा बोला पिता को था मां के चरित्र पर संदेह
मृतक महिला के बेटे अजय ने बताया कि उसका पिता हवा सिंह को उसकी मां के चरित्र पर संदेह था। इसके चलते मंगलवार अल सुबह पिता हवा सिंह ने उसकी मां को मौत के घाट उतार दिया। अजय ने बताया कि वह एक पोल्ट्री फार्म में काम करता है और सोमवार शाम को वह अपने माता-पिता के साथ खाना खाकर अपने काम पर चला गया था, लेकिन सुबह उसे पता चला कि उसकी मां को उसके पिता ने मार डाला है। सूचना पाकर वह अपने घर पहुंचा और उसने देखा की उसकी मां का शव खून से लथपथ चारपाई से नीचे जमीन पर पड़ा था।
कई साल से कर रहा था मारपीट
मृतका के भाई पारस ने बताया कि उसका जीजा हवा सिंह पिछले कई वर्षों से उसकी बहन के साथ मारपीट करता आ रहा था। इसके चलते उसकी बहन अधिकतर समय मायके में ही रही है। पिछले दो साल के दौरान भी उसकी बहन मुश्किल से दो माह अपने ससुराल में रही होगी। उसने बताया कि हवा सिंह कुछ दिन ठीक रहता और फिर मारपीट करके उसकी बहन को घर से भगा देता था।

शिवरात्रि के दिन गीता को छोड़ने आए थे परिजन
पारस ने बताया कि शिवरात्रि के दिन भी उसकी मां व उसका छोटा भाई बहन को छोड़ने धनौरी उसके घर आए थे। इस दौरान उन्होंने हवा सिंह को समझाया भी था। हवा सिंह ने कहा था कि वह अब कोई झगड़ा नहीं करेगा, लेकिन मंगलवार सुबह उन्हें गीता की हत्या की खबर मिली। सूचना मिलते ही धनौरी गांव पहुंचे तो वहां गीता का शव खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था। गीता के गर्दन पर व बाजू पर तेजधार हथियार से कई वार किए गए थे और हवा सिंह मौके से फरार था।

गढ़ी थाना प्रभारी राजेश कुमार के मुताबिक मृतक महिला के भाई पारस निवासी बोबुआ की शिकायत पर मृतका के पति हवा सिंह और सास दर्शना के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। महिला का शव अर्धनग्न अवस्था में मिला था। तेजधार हथियार से गर्दन व बाजू पर वार किए गए हैं। आरोपी अभी फरार है, लेकिन जल्द पुलिस की गिरफ्त में होगा। मृतका के मायके बोबुआ में अंतिम संस्कार किया गया।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER