Delhi Rainfall / दिल्ली-NCR में तेज बारिश, आंधी-तूफान से टूटे पेड़, कई जगह ट्रैफिक जाम

Zoom News : May 30, 2022, 05:10 PM
Delhi Rainfall: दिल्ली-NCR में सोमवार शाम को तेज हवाओं के साथ बारिश ने दस्तक दी है। मौसम विभाग ने पहले ही आज दिल्ली में आंधी-तूफान की संभावना जताई थी। तेज हवाओं और बारिश के चलते लूटियन दिल्ली में कई जगह पेड़ टूट गए। इससे कई इलाकों में ट्रैफिक जाम की स्थिति हो गई है। राजधानी दिल्ली के अलावा उनके आसपास के क्षेत्रों जैसे- गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा आदि में भी आंधी-तूफान और बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया है। इससे पहले रविवार की शाम को भी दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में बारिश और आंधी-तूफान देखा गया था।  

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक रहा। हालांकि, मंगलवार को अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है। वहहीं, एक जून से लेकर पांच जून तक राजधानी में तेज आंधी-तूफान आने की आशंका है।

बता दें कि मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि दिल्ली में 25 जून तक मॉनसून की एंट्री हो सकती है। इस बार तीन दिन पहले ही मॉनसून केरल पहुंच चुका है। वहीं, अगले कुछ दिनों तक बिहार, झारखंड और ओडिशा समेत कई राज्यों में धूलभरी आंधी चल सकती है। इसके अलावा, यूपी, उत्तराखंड में भी दो दिनों तक हल्की बारिश का अनुमान जताया गया है।   


भीषण गर्मी के बाद कुछ दिनों से मिल रही है राहत

दिल्ली में इस बार भीषण गर्मी पड़ी है। राजधानी में इस बार अधिकतम तापमान 49 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस दौरान, कई दिनों तक हीटवेव की गंभीर स्थिति भी रही। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से राजधानी के तापमान में कमी आई है और पारा पांच से सात डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिर गया है। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER