हैदराबाद / हैदराबाद गैंगरेप: संसद के सामने धरने पर बैठी लड़की, बोली- मैं अपने घर भारत में सुरक्षित क्यों नहीं हूं

ABP News : Nov 30, 2019, 12:25 PM
नई दिल्ली | हैदराबाद में एक महिला डॉक्टर से गैंगरेप करके जलाकर उसकी हत्या कर दी गई। इस जघन्य घटना ने एक बार फिर साल 2012 के निर्भया गैंगरेप की याद दिला दी। हैदराबाद की महिला डॉक्टर प्रियंका रेड्डी के साथ जो कुछ हुआ, उसके बाद से पूरा देश गुस्से में है। आज सुबह से एक अकेली लड़की ससंद भवन के पास सड़क पर बैठकर अपना विरोध जता रही है। इस लड़की से जब सवाल किया तो उसने कहा कि कल मैं भी जलूंगी, लेकिन मैं लडूंगी। मैं उम्मीद नहीं कर रही की कोई और भी मेरे साथ यहां धरने पर बैठेगा।

‘मैं अपने घर भारत में सुरक्षित क्यों नहीं हूं?’  

अनु दुबे नाम की लड़की संसद भवन के पिछले गेट पर सुबह से शांति से बोर्ड लेकर बैठी थी। जिसपर लिखा था, 'Why I can’t feel safe in my home, india?’ यानी मैं अपने घर भारत में सुरक्षित क्यों नहीं हूं?  इस लड़की से पूछा कि वह यहां क्यों बैठी हैं? तो उन्होंने कहा, ‘’सुबह 7 बजे से बैठी हूं। निर्भया हो गया, कठुआ हो गया। छोटी बच्चियों का रेप हो रहा है। आज वो लड़की जली है कल मैं भी जल जाऊंगी, लेकिन मैं लड़ूंगी। अब डरने का मन नहीं करता, अब मन भर गया है।’’

‘किसी को कोई फर्क ही नहीं पड़ रहा है’

लड़की ने आगे कहा, ‘’मेरे साथ कोई नहीं जुड़ा तो भी यहीं अकेले बैठूंगी। मैं किसी से मेरे साथ जुड़ने की उम्मीद भी नहीं करती। मैं ऑफिस नहीं गई। पापा-मम्मी को भी नहीं बताया कि यहां बैठी हूं। मैं बहुत नर्वस हूं।’’ लड़की ने आगे कहा, ‘’जवाब सरकार देगी, सांसद देंगे इसलिए सांसदों से मिलने और उनसे सवाल पूछने यहां आई हूं। किसी को कोई फर्क ही नहीं पड़ रहा है।’’

बता दें कि ससंद भवन के पास बैठी लड़की को दिल्ली पुलिस ने हटा दिया है। पुलिस ने लड़की से कहा कि जंतर-मंतर जाकर प्रदर्शन करो। इससे पहले पुलिस ने लड़की को चाय-बिस्किट भी दिए।

सवाल- क्या इस अकेली बेटी से पुलिस इतनी डर गई कि उसे जबरन वहां से हटा दिया गया?

हैदराबाद की बेटी के साथ क्या हुआ?

बता दें कि हैदराबाद में 22 साल की महिला डॉक्टर रोजाना की तरह ड्यूटी पर जा रही थीं। लेकिन बुधवार को रास्त में उनकी स्कूटी में पंचर हो गया और वह वहां रुक गईं। इसके बाद महिला ने अपनी बहन को फोन करके बताया कि स्कूटी खराब हो गई है। मुझे बहुत डर लग रहा है। बाद में महिला के साथ गैंगरेप होता है और उसे जलाकर मार दिया जाता है। पुलिस को महिला का शव जली हुई हालत में हाईवे पर ब्रिज के नीचे मिला था।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER