देश / कीट प्रभावित खेप में वृद्धि के कारण भारत ने ईरान से कीवी के आयात पर लगाई रोक

भारत ने कई चेतावनियों के बावजूद कीट प्रभावित खेप में वृद्धि के चलते ईरान से कीवी के आयात पर अस्थाई रोक लगा दी है। बकौल कृषि मंत्रालय, अक्टूबर 2021 से कीवी फ्रूट के 22 कंसाइनमेंट में 'ऐस्पीडियोटस नेटिल' कीड़ा और दो कंसाइनमेंट में 'सूडोकाकस कैलसियोलेरिया' कीड़ा पाया गया। इससे पहले, 2019 में भी कीट प्रभावित खेप इंटरसेप्ट की गई थी।

नयी दिल्ली: भारत ने बार-बार चेतावनी के बावजूद कीट प्रभावित खेप में वृद्धि के कारण ईरान से कीवी फलों के आयात को रोक दिया है। केंद्रीय कृषि मंत्रालय ने यह जानकारी दी है।

कृषि मंत्रालय के तहत आने वाली नोडल इकाई राष्ट्रीय पादप संरक्षण संगठन (एनपीपीओ) ने सात दिसंबर से ईरान से कीवी फलों के आयात पर रोक लगा दी है।

मंत्रालय ने ईरान को लिखे एक पत्र में कहा, ‘‘ताजा कीवी फलों के लिए आठ दिसंबर, 2021 से ईरान के एनपीपीओ द्वारा जारी किए गए पादप स्वच्छता (फाइटोसैनिटरी) प्रमाण पत्र पर हमारी ओर से विचार नहीं किया जाएगा।’’