मनोरंजन / भूषण कुमार पर रेप केस दर्ज कराने वाली महिला और स्थानीय नेता पर वसूली का मामला दर्ज

Zoom News : Jul 17, 2021, 06:33 PM
मुंबई: एक दिन पहले ही एक 30 साल की मॉडल ने टी-सीरीज के मालिक भूषण कुमार पर यौन शोषण का आरोप लगाया था। महिला का आरोप है कि काम दिलाए जाने के बहाने भूषण कुमार ने उनका यौन शोषण किया है। इस मामले में सफाई देते हुए टी-सीरीज ने कहा था कि भूषण कुमार पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं और ब्लैकमेल कर पैसा वसूलने के इरादे से लगाए गए हैं। इसके पक्ष में टी सीरीज ने कुछ सबूत मुंबई पुलिस को मुहैया कराए थे। इन सबूतों के आधार पर पुलिस ने एक स्थानीय राजनेता मल्लिकार्जुन पुजारी और आरोप लगाने वाली महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

बताया जा रहा है कि मल्लिकार्जुन पुजारी ठाणे जिले का रहना वाला है। उसने महिला मॉडल के साथ अवैध तरीके से भूषण कुमार से पैसा वसूलने का प्लान बनाया। यह मॉडल एक फिल्म में मेहमान भूमिका में नजर आ चुकी है। पुजारी ने जून 2021 में भूषण कुमार से संपर्क कर अवैध वसूली की मांग की थी और कहा था कि अगर उसे पैसा नहीं दिया गया तो उनको यौन शोषण के मामले में फंसा दिया जाएगा।

इसके बाद टी-सीरीज ने 1 जुलाई 2021 को मुंबई पुलिस में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई थी। बाद में भूषण कुमार के चाचा कृष्ण कुमार ने मल्लिकार्जुन पुजारी से 5 जुलाई 2021 को मुलाकात की थी जहां उसने एक बार फिर धमकी दी थी। हालांकि कृष्ण कुमार ने मल्लिकार्जुन को पैसा देने से मना कर दिया था। इसके बाद 15 जुलाई 2021 को मॉडल ने भूषण कुमार के खिलाफ रेप का मामला दर्ज करा दिया था।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER