नेपाल से इस वक्त एक बड़ी और दुखद खबर सामने आ रही है, जहां दो हेलीकॉप्टरों के आपस में टकराने से एक भीषण हादसा हो गया है। जानकारी के मुताबिक यह हादसा लैंडिंग के दौरान हुआ है। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दो हेलीकॉप्टरों के बीच टक्कर होते हुए साफ देखा जा सकता है। वीडियो में घटनास्थल के पास ही कई लोग खड़े भी नजर आ रहे हैं और नेपाल के सोलुखुंबु में हुए इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया है।
फेरीचे हेलीपैड पर हुआ भीषण हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेपाल के सोलुखुंबु में दो हेलीकॉप्टरों के आपस में टकराने से एक व्यक्ति की जान चली गई है और एक अन्य घायल हुआ है। नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के अनुसार, फिस्टेल एयर और डायनेस्टी एयर के हेलीकॉप्टर फेरीचे (Pheriche) हेलीपैड पर उतर रहे थे, उसी दौरान वे आपस में टकरा गए। प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ज्ञानेन्द्र भुल ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि फेरीचे हेलीपैड पर उतरने के दौरान दोनों हेलीकॉप्टरों के पंखों (Blades) के आपस में टकराने की जानकारी मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि इस दुर्घटना के संबंध में विस्तृत और पुख्ता जानकारी जुटाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।
मृतक की हुई पहचान, भारतीय नागरिक की गई जान
सोलुखुंबु जिला पुलिस कार्यालय के डीएसपी नवीनराज बुढाथोकी के अनुसार, खुम्बु पासांगल्हामु फेरीचे हेलीपैड पर उतरते समय दोनों हेलीकॉप्टरों के पंखे आपस में टकरा गए थे, जिससे यह बड़ी दुर्घटना हुई और जिला प्रशासन सोलुखुंबु की तरफ से आधिकारिक तौर पर बताया गया है कि इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले मृतक की पहचान 47 वर्षीय भारतीय नागरिक वसंत कुमार बलारा माडू के रूप में की गई है। इसी तरह इस दुर्घटना में घायल हुए व्यक्ति की पहचान भारतीय मूल के न्यूजीलैंड के नागरिक 53 वर्षीय शैलेश किशन पटेल के रूप में हुई है।
पायलट को आई सामान्य चोट और शव को लुक्ला लाया गया
इस दुखद दुर्घटना में फिस्टेल एयर के पायलट को भी सामान्य चोटें आई हैं। दुर्घटना में घायल हुए एक अन्य व्यक्ति को तुरंत इलाज के लिए माउंटेन हेलीकॉप्टर के जरिए अन्यत्र भेजा गया है। सोलुखुंबु के पुलिस निरीक्षक मौसम तामांग के अनुसार, मृतक एक विदेशी नागरिक थे। उनके पार्थिव शरीर (शव) को प्रभु हेलीकॉप्टर के माध्यम से लुक्ला लाया गया है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और विमानन सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े होने लगे हैं।
फ्लोरिडा में बिजनेस जेट क्रैश की अन्य घटना
इस बीच, एक अन्य बड़ी दुर्घटना अमेरिका के फ्लोरिडा से भी देखने को मिली है। यहाँ सोमवार को दक्षिण फ्लोरिडा के एक रिहायशी इलाके में एक बिजनेस जेट अचानक क्रैश हो गया। इस दर्दनाक हादसे में जेट पर सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई। बताया गया है कि यह जेट दोपहर करीब 12 बजकर 50 मिनट पर पाम बीच काउंटी के क्रेस्टहेवन इलाके में गिरा और गिरते ही एक बड़े आग के गोले में तब्दील हो गया। यह विमान हादसा पाम बीच में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के प्रसिद्ध रिसॉर्ट, मार-ए-लागो (Mar-a-Lago) से लगभग 9 मील यानी 14 किलोमीटर की दूरी पर हुआ।
