लखनऊ / निर्जला व्रत रखा था, करवाचौथ पर पति नहीं आया तो पत्नी ने लगाई फांसी

AMAR UJALA : Oct 18, 2019, 07:43 AM
लखनऊ | करवाचौथ पर पति की लंबी उम्र का निर्जला व्रत रखा था। शाम को चांद और पति को देखकर व्रत तोड़ना था। लेकिन शाम को पति नहीं आया तो इंदिरानगर सेक्टर-14 में रहने वाली जाह्नवी उर्फ नाजिया ने फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की। समय रहते पड़ोसियों ने देख लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जाह्नवी उर्फ नाजिया को बचा लिया। 

पत्नी ने करवा चौथ पर पति को दौड़ा—दौड़ा कर पीटकर की 'पूजा', वजह जानकर माथा पकड़ लेंगे आप

प्रभारी निरीक्षक गाजीपुर बृजेश कुमार सिंह के मुताबिक मूलरूप से सीतापुर की रहने वाली नाजिया का इंदिरानगर सेक्टर-14 निवासी योगेंद्र जायसवाल से प्रेम संबंध हो गया। विवाह में धर्म बाधक बना तो परिवर्तन कर हिन्दू धर्म अपना लिया। सात साल पहले दोनों प्रेम विवाह किया था। 

पुलिस के मुताबिक बृहस्पतिवार को जाह्नवी उर्फ नाजिया ने करवा चौथ का व्रत रखा था। शाम को किसी बात पर दोनों में विवाद हुआ। योगेंद्र घर से निकल गया। इसके बाद जाह्नवी ने उसके मोबाइल पर कई बार कॉल किया लेकिन कोई जबाव नहीं मिला। इसके बाद नाराज जाह्नवी ने फांसी लगा दी। 

पूजा के लिए पड़ोस की महिलाएं उसका इंतजार कर रही थी। काफी देर तक वह बाहर नहीं निकली तो उसे बुलाने गई। दरवाजे पर कई बार दस्तक दिया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इस पर खिड़की से झांककर देखा तो जाह्नवी फांसी लगाने जा रही थी। उसे रोकने के लिए आवाज दी लेकिन वह नहीं सुनी।

पड़ोसियों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर उसे फंदे से नीचे उतारा। पुलिस के मुताबिक जाह्नवी पूरी तरह से सुरक्षित है। पुलिस ने देर रात करीब 12.30 बजे उसके पति योगेंद्र को तलाश कर घर ले गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER