पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर, अमेरिका का संदेश पहुंचाने और ईरान तथा अमेरिका के बीच बातचीत के अगले दौर का रास्ता साफ करने के लिए, एक उच्च-स्तरीय राजनीतिक-सुरक्षा प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई करते हुए तेहरान में हैं। ईरान और अमेरिका के बीच जंग को लेकर वर्तमान में 2 हफ्ते का संघर्ष विराम चल रहा है। दोनों देशों के बीच जारी जंग को खत्म करने के लिए बातचीत का पहला दौर इस्लामाबाद में आयोजित किया गया था, लेकिन वह बैठक कामयाब नहीं रही थी और अब दोनों देश फिर से बातचीत के टेबल पर आने की कवायद में लगे हैं।
बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए मुनीर का मिशन
बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर राष्ट्रपति ट्रंप का संदेश लेकर ईरान के दौरे पर हैं। सूत्रों का कहना है कि ईरान-अमेरिका की अगली बातचीत पर फैसला पाकिस्तानी सेना प्रमुख मुनीर से मुलाकात के बाद ही तय होगा। मुलाकात हो चुकी है, लेकिन बैठक को लेकर विस्तृत जानकारी आना अभी बाकी है। जानकार सूत्र ने तस्नीम न्यूज़ एजेंसी को बताया कि पाकिस्तानी सेना प्रमुख मुनीर की अगुवाई वाले पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल की ईरानी अधिकारियों के साथ हुई मुलाकात के बाद, ईरानी पक्ष मामले की जरूरी समीक्षा करेगा और फिर वह अमेरिका के बीच बातचीत के अगले दौर को लेकर कोई फैसला करेगा।
ईरान की शर्तें और अमेरिका को संदेश
सूत्रों के अनुसार, लेबनान में संघर्ष विराम, बातचीत के अगले दौर पर ईरान के फैसले के लिए एक “सकारात्मक संकेत” होगा। साथ ही सूत्र ने दोहराया कि अमेरिका को बातचीत के तार्किक दायरे का पालन करना चाहिए और बेतुकी मांगें करके या संघर्ष विराम से पहले किए गए वादों का उल्लंघन करके बातचीत की प्रक्रिया में बाधा डालने से बचना चाहिए। मुनीर के इस दौरे का मुख्य मकसद ईरानी नेतृत्व तक अमेरिका का संदेश पहुंचाना और बातचीत के अगले दौर की योजना बनाना है।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल प्रमुख चेहरे और राजनयिक हलचल
पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मुनीर उस दल का नेतृत्व कर रहे हैं, जिसमें गृह मंत्री मोहसिन नकवी भी शामिल हैं। बयान के अनुसार, आसिम मुनीर और मोहसिन नकवी अमेरिका तथा ईरान के बीच जारी मध्यस्थता प्रयासों के तहत एक प्रतिनिधिमंडल के साथ तेहरान पहुंचे। तेहरान पहुंचने पर इस दल का स्वागत ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने किया और यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ बुधवार को सऊदी अरब, कतर और तुर्की की यात्रा पर रवाना हुए हैं।
अगले दौर की वार्ता और सुरक्षा तैयारियां
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक दिन पहले कहा था कि ईरान के साथ बातचीत का दूसरा दौर अगले 2 दिनों में इस्लामाबाद में आयोजित किया जा सकता है। पाकिस्तानी मीडिया जियो न्यूज ने सूत्रों के हवाले से बताया कि इस बीच पाकिस्तान में अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों को बातचीत के अगले दौर से पहले सभी जरूरी प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
