पुतिन से आज और जिनपिंग से कल मुलाकात, ब्रिक्स समिट में दिखेगी पीएम मोदी की डिप्लोमेसी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेंगे, जिसमें रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठकें शामिल हैं।

18वीं ब्रिक्स लीडर्स समिट 12-13 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित की जाएगी। यह सम्मेलन भारत की सालभर की ब्रिक्स अध्यक्षता के समापन का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत मंडपम में इस समिट की मेजबानी करेंगे, जहां सदस्य देशों के नेता आर्थिक सहयोग, टेक्नोलॉजी, ऊर्जा, खाद्य सुरक्षा, वैश्विक शासन और बड़े भू-राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा करने के लिए एकत्रित होंगे। इस शिखर सम्मेलन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो शामिल होंगे। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस भी इस सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय बैठक

प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार दोपहर 3:30 बजे रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ एक महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक करेंगे। यह मुलाकात एससीओ समिट के दौरान दोनों नेताओं के बीच हुई हालिया बातचीत के बाद हो रही है और पुतिन 11-13 सितंबर तक भारत के दौरे पर रहेंगे। 11 सितंबर को वह ब्रिक्स बिजनेस फोरम के प्लेनरी सेशन को संबोधित करेंगे और पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। दोनों नेता मिलकर इन्नोप्रोम इंडिया प्रदर्शनी का भी दौरा करेंगे, जिसे दोनों देशों के उद्योग एवं व्यापार मंत्रालयों द्वारा आयोजित किया गया है।

राष्ट्रपति पुतिन के लिए सुरक्षा इंतजाम

व्लादिमीर पुतिन के मौर्या होटल में रुकने को देखते हुए होटल को एक मजबूत किले में तब्दील कर दिया गया है। उनकी सुरक्षा के लिए चार लेयर का सुरक्षा घेरा बनाया गया है। पहली लेयर में क्लोज प्रोटेक्शन टीम (CPT) होगी जो हर समय उनके साथ रहेगी। दूसरी लेयर में दिल्ली पुलिस के सीनियर अधिकारी शामिल होंगे और तीसरी लेयर में दिल्ली पुलिस के कमांडो और पैरामिलिट्री फोर्स के जवान तैनात रहेंगे, जबकि सबसे बाहरी घेरे की जिम्मेदारी लोकल पुलिस की होगी। पुतिन के साथ उनकी अपनी सुरक्षा टीम के लगभग 25 से 30 कमांडो भी रहेंगे। विदेशी राष्ट्राध्यक्षों के होटलों की सुरक्षा की देखरेख स्पेशल सीपी और क्राइम रैंक के सीनियर अधिकारी करेंगे।

ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से मुलाकात

पुतिन के साथ बैठक के बाद, शुक्रवार शाम 6:15 बजे पीएम मोदी की ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के साथ बैठक प्रस्तावित है। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच दोनों नेताओं की इस बातचीत को अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें क्षेत्रीय स्थिरता और द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा होने की संभावना है।

शी जिनपिंग के साथ शनिवार को अहम वार्ता

प्रधानमंत्री मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच शनिवार शाम 6 बजे बैठक होने की उम्मीद है। यह दौरा इसलिए भी खास है क्योंकि शी जिनपिंग करीब 7 साल बाद भारत आ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, बातचीत में दोनों नेता लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल यानी एलएसी की स्थिति की समीक्षा कर सकते हैं। साथ ही द्विपक्षीय संबंधों को सामान्य बनाने, व्यापार और निवेश बढ़ाने पर भी चर्चा होगी। चीनी राष्ट्रपति के साथ करीब 400 अधिकारियों का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल भी आ रहा है, जो 2019 में उनके साथ आए प्रतिनिधिमंडल की संख्या से दोगुने से भी अधिक है।

ब्रिक्स समिट का कार्यक्रम और एजेंडा

ब्रिक्स समिट का मुख्य कार्यक्रम 12 सितंबर को शुरू होगा। बैठक में भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता की पहलों और राजनीति, सुरक्षा, अर्थव्यवस्था, वित्त तथा सांस्कृतिक संबंधों के क्षेत्रों में रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा होगी। 13 सितंबर को एक्सपेंडेड ब्रिक्स मीटिंग होगी, जिसमें सदस्य देशों, पार्टनर देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख शामिल होंगे। समिट के अंत में हुए प्रमुख समझौतों को फाइनल डॉक्यूमेंट में दर्ज किया जाएगा। इससे पहले गुरुवार को इथियोपिया के विदेश मंत्री गेडियन टिमोथेवोस और बुरुंडी के विदेश मंत्री एडौर्ड बिज़िमाना नई दिल्ली पहुंच चुके हैं।