Rajasthan Crisis Live / बीजेपी ने सुरजेवाला सहित कई कांग्रेस नेताओं के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत

Vikrant Shekhawat : Jul 18, 2020, 10:05 AM

जयपुर। राजस्थान में कांग्रेस विधायकों की खरीद-फरोख्त से जुड़े कथित ऑडियो से केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का नाम जोड़ने पर भाजपा ने जयपुर के अशोक नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। भाजपा प्रवक्ता लक्ष्मीकांत भारद्वाज ने कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद डोटासरा, महेश जोशी, लोकेश शर्मा आदि के खिलाफ साजिश कर भाजपा नेताओं के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।


पुलिस को दिए गए शिकायत पत्र में भारद्वाज ने कहा है कि कांग्रेस नेता मेहश जोशी, रणदीप सुरजेवाला और आदि बीते कुछ दिनों से बीजेपी की छवि खराब करने के लिए अनरगल बयान दे रहे हैं। उन्‍होंने पुलिस को बताया कि भाजपा की छवि खराब करने के लिए अशोक गहलोत के मुख्यमंत्री निवास से साजिश रहते हुए एक फेक ऑडियो तैयार किया गया, जिसमें भाजपा के प्रतिष्ठित नेताओं की आवाज होना बताते हुए झूठा फोन वार्तालाप जारी किया गया।



कथित ऑडियो क्लिप में जिस संदिग्ध शख्स संजय जैन की आवाज की दावा किया जा रहा है, उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उस पर 124 ए और 120 बी की तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में और भी गिरफ्तारी हो सकती हैं। उधर हरियाणा पुलिस द्वारा SOG की टीम को रोकने पर कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने सवाल उठाते हुए ट्वीट किया, "राजस्थान कांग्रेस सरकार गिराने के भाजपाई षड्यंत्र व मिलीभगत की पोल खुल ही गई। हरियाणा पुलिस विधायकों की खरीद फरोख़्त की जांच रोकने के लिए घेराबंदी कर खड़ी हो गई। कांग्रेस विधायकों को भाजपाई समर्थन का क्या राज है? सत्य न परेशान होगा, न पराजित।"

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER