Sukhdev Singh Gogamedi / राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की गोली मारकर की हत्या

Zoom News : Dec 05, 2023, 05:10 PM
Sukhdev Singh Gogamedi: राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की जयपुर में उनके घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। मंगलवार दिनदहाड़े 3 बदमाशों ने गोगामेड़ी पर गोलियां चलाईं, फिर भाग निकले। गोगामेड़ी को मेट्रो मास हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गोगामेड़ी के साथ घटना के दौरान मौजूद गार्ड अजीत सिंह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में उनको गोगामेड़ी के घर ले जाने वाले युवक की भी मौत हो गई। गैंगस्टर रोहित गोदारा ने हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर की।

पुलिस के अनुसार, श्याम नगर जनपथ पर सुखदेव सिंह गोगामेड़ी का घर है। मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे उनके घर 3 बदमाश पहुंचे। पहले तो वे सोफा पर बैठकर गोगामेड़ी से बात करने लगे। करीब 10 मिनट बाद ही दो बदमाश उठे और फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान गोगामेड़ी के गार्ड ने बचाने की कोशिश की। बदमाशों ने उस पर भी फायरिंग की।

जाते-जाते एक बदमाश ने गोगामेड़ी के सिर में भी गोली मारी। बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में नवीन को गोली लग गई और उसकी भी मौत हो गई।

फायरिंग के बाद दो बदमाश भागते हुए एक गली से निकले और एक कार को रोककर लूटने का प्रयास किया। उसने ड्राइवर को पिस्तौल दिखाई तो ड्राइवर कार को भगा ले गया। इस दौरान पीछे से आ रहे स्कूटी सवार को बदमाशों ने निशाना बनाया। स्कूटी सवार को गोली मारकर घायल कर दिया और स्कूटी लेकर फरार हो गया। सूचना पर श्याम नगर पुलिस मौके पर पहुंची।

इधर, हॉस्पिटल के बाहर गोगामेड़ी के संगठन से जुडे़ लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया।

नवीन घर में लेकर घुसा था बदमाशों को

जिस नवीन की बदमाशों की गोली लगने से मौत हुई है, वह ही बदमाशों को गोगामेड़ी के घर लेकर पहुंचा था। जयपुर पुलिस कमिश्नर बीजू जार्ज जोसेफ के अनुसार मरने वाला नवीन सिंह शक्तावत मुलताई शाहपुरा का रहने वाला था। नवीन जयपुर में कपड़े का व्यापार करता था। पुलिस के पास सभी आरोपियों और घटना को लेकर सीसीटीवी फुटेज है। मौके से भागने वाले दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

डीजीपी उमेश मिश्रा ने दिए सतर्कता बरतने के निर्देश

डीजीपी उमेश मिश्रा ने सुखदेव सिंह गोगामेडी की हत्या के बाद प्रदेशभर में पुलिस अफसरों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने हत्यारों को पकड़ने के नाकाबंदी के निर्देश दिए हैं। संबंधित जिलों में विशेष सतर्कता के साथ ही सुरक्षा बढ़ाने को भी कहा है।

गैंगस्टर रोहित गोदारा ने ली हत्या की जिम्मेदारी

इधर, घटना के बाद गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम से बने फेसबुक पेज पर हत्या की जिम्मेदारी ली गई है। पोस्ट में लिखा- राम राम, सभी भाइयों को मैं रोहित गोदारा कपूरीसर, गोल्डी बरार। भाइयों आज यह जो सुखदेव गोगामेड़ी की हत्या हुई है। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी हम लेते हैं। यह हत्या हमने करवाई है।

भाइयों मैं अपको बताना चाहता हूं कि ये हमारे दुश्मनों से मिलकर उनका सहयोग करता था। उनको मजबूत करने का काम करता था। रही बात दुश्मनों की तो वह अपने घर की चौखट पर अपनी अर्थी तैयार रखें। जल्दी उनसे भी मुलाकात होगी।

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी साल 2017 में फिल्म पद्मावत की जयगढ़ में शूटिंग के दौरान राजपूत करणी सेना के लोगों ने तोड़फोड़ की थी। गोगामेड़ी फिल्म पद्मावत और गैंगस्टर आनंदपाल एनकाउंटर केस के बाद राजस्थान में हुए प्रदर्शन से चर्चा में आए थे।

गोगामेड़ी कौन थे

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। इससे पहले लंबे समय तक राष्ट्रीय करणी सेना से जुड़े रहे थे। विवाद के बाद राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के नाम से अलग संगठन बना लिया था।

करणी सेना से अलग होकर बना था संगठन

साल 2006 में सबसे पहले करणी सेना बनी थी। बाद में लोकेंद्र सिंह कालवी ने अलग संगठन राजपूत करणी सेना बनाया। साल 2012 में सुखदेव सिंह गोगामेड़ी को श्री राजपूत करणी सेना का प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया, लेकिन बाद में कालवी और गोगामेड़ी में विवाद हो गया था। सुखदेव सिंह गोगामेड़ी ने 2017 में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के नाम से अलग संगठन बना लिया था। श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना है। वहीं सुखदेव सिंह राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना नाम का संगठन संभाल रहे थे।

रोहित गोदारा कौन है

गोगामेड़ी की हत्या की जिम्मेदारी लेने वाला गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की गैंग का गुर्गा है। इस पर पुलिस ने एक लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा है। गोदारा 2022 में फर्जी नाम से पासपोर्ट बनवाकर दुबई भाग गया था।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER