युवती अपहरण कांड / आगरा के रुनकता में आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर बवाल, भीड़ ने दो घरों ने लगाई आग

Zoom News : Apr 15, 2022, 12:06 PM
आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र के रुनकता से अगवा युवती के मामले में आरोपी जिम संचालक की गिरफ्तारी न होने पर शुक्रवार सुबह गांव में बवाल हो गया। आरोपी जिम संचालक के दो घरों में आग लगा दी गई। सूचना पर कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। आरोपियों को चिन्हित किया जा रहा है। मौके पर पहुंची दमकल ने घरों में लगी आग पर काबू पाया।

बता दें कि बुधवार रात को ही पुलिस ने युवती को दिल्ली से बरामद कर लिया था। जिम संचालक की गिरफ्तारी नहीं हुई थी। इसके लिए पुलिस टीम दबिश दे रही थी। युवती का मेडिकल कराने के बाद नारी निकेतन भेज दिया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर शुक्रवार सुबह रुनकता में बाजार बंद हो गया। इससे तनाव की स्थिति थी। 

बताया गया है कि आरोपी जिम संचालक के दो घरों पर ताला लगा हुआ था। तभी बड़ी संख्या में लोग आए। उन्होंने घरों के ताले तोड़कर आग लगा दी। इसके बाद भाग निकले। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। सीओ हरी पर्वत सत्यनारायण का कहना है कि दो घरों में आग लगाई गई है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इलाके में फोर्स तैनात किया गया है। 

11 अप्रैल को लापता हो गई थी छात्रा

रुनकता की रहने वाली छात्रा 11 अप्रैल की दोपहर लापता हो गई थी। परिजनों ने जिम संचालक साजिद पर उसे अगवा कर ले जाने का आरोप लगाया। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। अखिल भारत हिंदू महासभा ने थाने का घेराव कर हंगामा किया था। पुलिस को युवती की बरामदगी का अल्टीमेटम दिया था।

दिल्ली में मिली थी लोकेशन 

बुधवार को छात्रा की लोकेशन दिल्ली में मिली थी। इस पर पुलिस टीम गई थी। इसके वीडियो भी वायरल हुए थे। इसमें वो अपनी मर्जी से जाने की बात कह रही थी। युवती के सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में एक कमरे में नजर आ रही। वह कह रही है कि बालिग है। इसमें जिम संचालक भी नजर आया है।

थाना सिकंदरा के प्रभारी निरीक्षक बलवान सिंह का कहना है कि युवती को सिकंदरा क्षेत्र से बरामद कर लिया गया है। उसका मेडिकल कराया जाएगा। इसके बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा। उधर, आरोपी जिम संचालक की तलाश की जा रही है। वह हाथ नहीं आ सका है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER