शेयर बाजार / सेंसेक्स 52,773 के रिकॉर्ड स्तर पर बंद, निफ्टी पहली बार 15,869 पर बंद हुआ

Zoom News : Jun 15, 2021, 04:30 PM
मुंबई: मंगलवार को घरेलू शेयर बाजारों ने नई ऊंचाई को छुआ। बेंचमार्क इंडेक्स लगातार चौथे दिन बढ़त के साथ बंद हुए। बीएसई का सेंसेक्स 0.42% यानी 221 पॉइंट के उछाल के साथ 52,773 पर बंद हुआ। एनएसई का निफ्टी 57 पॉइंट यानी 0.36% की मजबूती के साथ 15,869 पर रहा।

बैंकिंग शेयरों में बड़े पैमाने पर खरीदारी हुई। तेजी को RIL जैसे दिग्गज शेयरों में खरीदारी का सपोर्ट मिला। एशियन पेंट, एक्सिस बैंक, ICICI बैंक, HDFC लाइफ और HUL आज के टॉप गेनर रहे। गिरने वाले शेयरों में डिवीज लैब, कोल इंडिया, बजाज फिनसर्व, हिंडाल्को और डॉ रेड्डीज लैब रहे।

घरेलू शेयर बाजार में चौतरफा खरीदारी हुई। निफ्टी के मिड और स्मॉल कैप इंडेक्स में लगभग आधा पर्सेंट की मजबूती रही। निफ्टी के स्मॉल कैप इंडेक्स ने आज 9,811 का नया ऑल टाइम हाई बनाया। निफ्टी का मिड कैप इंडेक्स ऑल टाइम हाई से 40 पॉइंट पीछे रह गया।

हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन शेयर बाजारों की मजबूत शुरुआत हुई। सेंसेक्स 200 अंक और निफ्टी 55 पॉइंट ऊपर खुला। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 52,870 के उच्चतम स्तर तक गया था। निफ्टी भी कारोबार की शुरुआत में जोरदार खरीदारी होने से 15,901 के हाई पर पहुंच गया था।

अडाणी ग्रुप की कुछ कंपनियों के शेयरों में आज भी गिरावट आई। शुरुआती कारोबार में अडाणी पावर के शेयरों में 5%, अडाणी ट्रांसमिशन के शेयर में 5% और अडाणी टोटल गैस के शेयर में 5% की कमजोरी थी।

सोमवार को शेयर बाजार मामूली बढ़त साथ बंद हुए थे। सेंसेक्स 76.77 पॉइंट ऊपर 52,551.53 पर रहा था। निफ्टी 12.50 अंक की बढ़त के साथ 15,811.85 पॉइंट पर बंद हुआ था।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER