सिरोही / ब्रह्माकुमारीज के कार्यक्रम में उप राष्ट्रपति आबूरोड आएंगे, जुटेंगी नामचीन हस्तियां

Zoom News : Sep 27, 2019, 03:43 PM
जयपुर | एकता, शांति और समृद्धि के लिए अध्यात्म जरूरी विषय पर ब्रह्माकुमारीज संस्थान के अन्तर्राष्ट्रीय मुख्यालय शांतिवन में 27 सितम्बर 1 अक्टूबर तक वैश्विक शिखर सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इस सम्मेलन में देश व दुनिया के तमाम जानी-मानी हस्तियों का जमावड़ा लगेगा। ब्रह्माकुमारीज संस्थान की ओर से राजस्थान के सिरोही जिले में प्रस्तावित वैश्विक शिखर सम्मेलन में 28 सितम्बर को उप राष्ट्रपति वैंकेया नायडु के दौरे को लेकर पुलिस तथा प्रशासन ने रिहर्सल किया है। इस आयोजन का उद्घाटन भारत के उप राष्ट्रपति नायडु करेंगे।

इस सम्मेलन का उद्घाटन 28 सितम्बर को भारत के उपराष्ट्रपति वैंकैया नायडू, ब्रह्माकुमारीज संस्था की मुख्य प्रशासिका 104 वर्षीय दादी जानकी, राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र, ब्रह्माकुमारीज संस्था संयुक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी रतनमोहिनी के कर कमलों से होगा। समापन 1अक्टूबर को लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला करेंगे।

इस पांच दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन में विशेष रूप से मानव संसाधन विकास मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, न्याय एवं कानून केन्द्रियमंत्री रविशंकर प्रसाद, अल्पसंख्यक केन्द्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, संसदीय कार्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल, गृहराज्यमंत्री जी. कृष्णा रेड्डी, पशुपालन, दुग्ध एवं मछली पालन केन्द्रिय राज्यमंत्री प्रताप चन्द्र सारंगी, वाणिज्य एवं उद्योग केन्द्रियमंत्री सोम प्रकाश, पंचायती राज एवं कृषि केन्द्रिय मंत्री पुरूषोत्तम भाई रूपाला समेत कई राज्यों के राज्य एवं कैबिनेट मंत्री भाग ले रहे हैं।

इस सम्मेलन में चालीस से ज्यादा विधायक, बीस से ज्यादा सांसद, सभी वर्गों के विशिष्ट विद्वान, सुप्रसिद्ध गायक अनूप जलोटा के साथ कई नेता एवं अभिनेता, न्यायविद, शिक्षाविद, नामचीन चिकित्सक, पर्यावरणविद, समाजसेवी समेत बड़ी संख्या में लोग भाग ले रहे हैं।

अन्तर्राष्ट्रीय कलाकारों की होगी प्रस्तुति

इस अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन में चाईना, रसिया, नेपाल, भारत तथा जापान के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से लोगों में एकता और भाईचारा का संदेश देंगे।

एक्पो में दिखेगी बहुउदद़ेशीय संस्कृति की झलक

अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन में एक्सपो का भी आयोजन किया गया। जिसमें पूरे विश्व की कई संस्कृतियों का संगम देखने को मिलेगा। साथ ही ब्रह्माकुमारीज संस्थान के अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर हुए सुखद बदलावों की भी बानगी देखने को मिलेगी।

शुद्ध और सात्विक भोजन मिलेगा

ब्रह्माकुमारीज के जनसम्पर्क अधिकारी बीके कोमल ने बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन में देश व दुनिया भर से आये मेहमानों के लिए विशेष भोजन की व्यवस्था की गयी है। जिसमें शुद्ध एवं सात्विक भोजन के अलग अलग स्वाद देखने को मिलेगें। अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन में आने वाले मेहमानों को सौर उर्जा से बना भोजन परोसा जायेगा। इसके लिए सौर उर्जा भोजन बनाया जायेगा।

विश्व शांति एवं एकता पर होगा मंथन

ब्रह्माकुमारीज के कार्यकारी सचिव बीके मृत्युंजय ने बताया कि समाज में दिनों दिन बढ़ी आसुरी प्रवृत्तियों को रोकने तथा एक बेहतर समाज एवं परिवार बनाने में राजयोग अध्यात्म के महत्व पर मंथन होगा। इसके साथ ही प्रतिदिन के दैनिक रूटीन को बेहतर बनाने के लिए क्या सकारात्मक प्रयास किया जायेगा। इसका पूरा विस्तार से विवरण देखने व सुनने को मिलेगा। 

पुलिस ने किए इंतजाम

संस्थान में 27 सितम्बर से 1 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले इस सम्मेलन को संस्थान की ओर से अंतिम रूप दिया गया है। उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इतंजाम किए गए हैं। चप्पे चप्पे पर पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है। पुलिस दौरे को लेकर जोधपुर रेंज के अन्य जिलों से भी जाब्ता बुलाया गया है। रूट मार्च के दौरान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हर्ष रत्नु, एसडीएम रविन्द्र गोस्वामी,पुलिस उपाधीक्षक प्रवीण सेन, शहर थानाधिकारी अनिल विश्नोई, सदर थानाधिकारी आनंद कुमार सहित कई अधिकारी शामिल रहे। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER