Jammu And Kashmir / J&K में फिर टारगेट किलिंग, आतंकियों ने दो कर्मचारियों पर चलाई गोली

Zoom News : Nov 03, 2022, 10:35 PM
जम्मू-कश्मीर में आंतकियों ने एक बार फिर टारगेट किलिंग की घटना को अंजाम दिया है। आतंकियों ने गुरुवार को अनंतनाग में दो गैर-कश्मीरी नागरिकों को गोली मार दी। दोनों को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आतंकियों की गोली का निशाना बने दो गैर-कश्मीरी में एक बिहार का जबकि दूसरा शख्स पड़ोसी देश नेपाल का रहने वाला है। दोनों ही बोंदियालगाम इलाके में स्थित एक प्राइवेट स्कूल में कर्मचारी हैं।

घटना को लेकर कश्मीर जोन पुलिस ने ट्वीट किया, 'आतंकवादियों ने दो प्रवासी मजदूरों (एक बिहार और दूसरा नेपाल से) पर गोलियां चलाई हैं। दोनों अनंतनाग जिले के बोंदियालगाम में एक निजी एसएपीएस स्कूल में काम कर रहे थे। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है।' बता दें कि घटना से जुड़ी पुरी जानकारी अभी आनी बाकी है।

उपराज्यपाल बोले- अंतिम सांस गिन रहा आतंकवाद

जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने गुरुवार को कहा कि यहां आतंकवाद अंतिम सांस गिन रहा है। उन्होंने सभी हितधारकों से केंद्र शासित प्रदेश में स्थायी शांति और सामान्य स्थिति लाने में अपनी भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा, 'केवल पुलिस और सुरक्षाबल ही स्थायी शांति नहीं ला सकते हैं। निर्वाचित जन प्रतिनिधियों और प्रशासन के अन्य धड़े भी इसमें बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।'

'लोगों में विश्वास पैदा करने की जरूरत'

उप राज्यपाल का यह बयान केंद्र शासित प्रदेश में कश्मीरी पंड़ितों की चुन-चुनकर हत्या की घटनाओं को लेकर राजनीतिक दलों द्वारा की जा रही आलोचना के जवाब में आया है। उन्होंने कहा कि अब ऐसी व्यवस्था की जरूरत है जिसके प्रति आम लोगों को यह विश्वास हो कि उन्हे न्याय मिलेगा और प्रशासन उनकी मदद करेगा।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER