उत्तर प्रदेश / यूपी में मतदान कर लौट रहीं 2 महिलाओं व एक बाइक सवार को कार ने मारी टक्कर, तीनों की मौत

Zoom News : Apr 16, 2021, 01:00 PM
सहारनपुर: सहारनपुर में वोट डालकर घर आ रही देवरानी-जेठानी के साथ बाइक सवार समेत आधा दर्जन मतदाताओं को अनियंत्रित कार ने कुचल दिया। हादसे में देवरानी-जेठानी समेत बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। परिजनों ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कराया है। 

सरसावा ब्लॉक के गांव सोराना निवासी देवरानी रुकमणी और जेठानी रेखा अम्बाला हाईवे के समीप प्राथमिक विद्यालय में बने मतदान केंद्र से वोट डालकर बाहर निकली तो उसी समय सहारनपुर की ओर से आ रही कार ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। इसी बीच अनियंत्रित कार ने आधा दर्जन अन्य मतदाताओं को भी अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के बाद चारों ओर चींखपुकार मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल लोगों को पिलखनी स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां रुकमणी (45) और रेखा (47) की मौत हो गई। इसके साथ एक अन्य बाइक सवार यशपाल पुत्र रकम सिंह निवासी ग्राम नलहेड़ा गुर्जर ने भी दम तोड़ दिया। हासदे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। दुर्घटना के बाद पंचायत चुनाव का उत्साह गमगीन माहौल में तब्दील हो गया। थाना अध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि परिजनों ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कराया है। चालक कार छोड़कर फरार हो गया है। कार को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER