Road Accident in Baran / बरातियों से भरी ट्रॉली को ट्रेलर ने मारी टक्कर, चार की मौत, 13 घायल

Zoom News : May 10, 2022, 07:48 PM
बारां में नेशनल हाईवे 27 पर मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। ट्रेलर ने ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। जबकि 13 लोग घायल हो गए। जिनका राजकीय अस्पताल में इलाज जारी है।


बारां सदर थाने के एसएचओ ने बताया कि ट्रॉली सवार बराती बटावदा से शादी समारोह के बाद अंता के हनुवतखेड़ा लौट रहे थे। इसी दौरान मंगलवार की सुबह छह बजे हादसा हो गया। तेज गति से जा रहे ट्रेलर ने ट्रॉली को टक्कर मार दी। हादसे में हनुवतखेड़ा गांव के भूरीबाई (65), चंद्रकला (55), सुशीला (40) और रामकरण सेन (60) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिलाओं और बच्चों सहित 13 अन्य घायल हो गए।


ट्रेलर चालक गिरफ्तार

सूचना पर एसपी कल्याण मीणा भी घटनास्थल पर पहुंचे और हादसे के बारे में जानकारी ली। मृतकों में दो महिला और दो पुरुष शामिल हैं। हादसे में घायल दो लोगों की हालत गंभीर है। जिन्हें कोटा के एमबीएस अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। वहीं 13 घायलों का बारां के अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। 


सीएम गहलोत ने व्यक्त की संवेदना

मुख्यमंत्री गहलोत ने ट्वीट कर दुर्घटना पर शोक जताया है। सीएम ने लिखा कि शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करे और दिवंगत की आत्मा को शांति प्रदान करे। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना।

 

वहीं खान एवं गोपालन मंत्री प्रमोद जैन भाया ने बारां में हुए हादसे को हृदय विदारक हादसा बताया है। उन्होंने मृतक के परिजनों के साथ संवेदनाएं व्यक्त की है। इसके साथ ही उन्होंने डॉक्टरों को घायलों के समुचित इलाज के लिए निर्देश दिए हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER