इंडिया / ट्रंप ने पीएम मोदी से पूछा, क्या आप मुझे एनबीए बॉस्केटबॉल टूर्नामेंट में आने का निमंत्रण देंगे?

Live Hindustan : Sep 23, 2019, 10:09 AM
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत और अमेरिका की मित्रता को इतिहास में सर्वाधिक प्रगाढ़ होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए रविवार को कहा कि अमेरिका और भारत अपने देशों की सीमाओं की सुरक्षा तथा कट्टर इस्लामिक आतंकवाद से मासूम नागरिकों को बचाने को लेकर प्रतिबद्ध हैं। ट्रंप ने टैक्सास प्रांत की राजधानी ह्यूस्टन में एनआरजी फुटबाल स्टेडियम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ 50 हजार से अधिक भारतीय अमेरिकी समुदाय को संबोधित किया।  वहीं पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत पहले के मुकाबले और तेज गति से आगे बढ़ना चाहता है। अब हर भारतीय 21 वीं सदी में देश को नयी ऊंचाई पर ले जाने के लिए अधीर है। बीते 5 सालों में 130 करोड़ भारतीयों ने हर क्षेत्र में ऐसे नतीजे हासिल किए हैं जिनकी पहले कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था। उन्होंने कहा , “ आज भारत का सबसे चर्चित शब्द है- विकास, सबसे बड़ा मंत्र है- सबका साथ-सबका विकास, भारत की सबसे बड़ी नीति है- जन भागिदारी, भारत का सबसे प्रचलित नारा है- संकल्प से सिद्धि और भारत का सबसे बड़ा संकल्प है- नया भारत। ”

1- ट्रंप ने यह भी दावा किया, “व्हाइट हाउस में डोनाल्ड ट्रंप से बेहतर भारत का कोई दोस्त कभी नहीं हुआ और न हो सकता है।”

2- अमेरिकी राष्ट्रपति ने पीएम मोदी को अमेरिका का सबसे निष्ठावान मित्र बताया और उन्हें हाल में बीते उनके जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि भारत में मोदी वही कर रहे हैं जो अमेरिका में हो रहा है। उन्होंने मोदी को भारत और अमेरिका के रिश्तों को ऊपर ले जाने वाला बताते हुए कहा कि दोनों देशों के रिश्ते इतने मजबूत पहले कभी नहीं हुए। 

3- भारत और अमेरिका कानून को मानने वाले, न्याय के सिद्धांत पर चलने वाले और लोकतंत्र को सही भावना में मजबूत करने वाले देश हैं। 

4- ट्रंप ने मोदी के नेतृत्व में बीते पांच साल में 30 करोड़ गरीबों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने की सराहना करते हुए कहा कि अमेरिका में 14 करोड़ नये लोग मध्यम वर्ग में आये हैं। हम दोनों देश बेरोजगारी बढ़ाने वाले कानूनों और नियमों को समाप्त कर रहे हैं। अमेरिका में सबसे बड़े कर सुधार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका में रोजगार की स्थिति देश के इतिहास में सबसे अच्छी स्थिति में आ गयी है।

5- भारत ने अमेरिका में इससे पहले कभी इतना निवेश नहीं किया जितना वह अब कर रहा है। ऐसा इसलिए क्योंकि अमेरिका भी भारत में विशाल निवेश कर रहा है। भारत में अमेरिका का नियार्त भी बढ़ रहा है और भारतीयों को जल्द ही विश्व के सवोर्त्तम उत्पाद प्राप्त होंगे। 

6- ट्रंप ने भारत एवं अमेरिका के रक्षा संबंधों में विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि अमेरिका से भारत को 80 अरब डॉलर का रक्षा निर्यात हुआ है। जल्द ही नवंबर में पहली बार दोनों देशों की तीनों सेनाओं का संयुक्त अभ्यास टाइगर ट्रम्फ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात का गर्व है कि भारतीय एवं अमेरिकी सैन्य बल हमारी आजादी की सुरक्षा के लिए डटे हुए हैं। हम अपने निर्दोष नागरिकों को कट्टर इस्लामिक आतंकवाद के खतरे से बचाने के लिए कटिबद्ध हैं। हमारी सीमाओं की सुरक्षा हमारे लिए बहुत ही अहम हैं और इसको लेकर भी हम दृढ़ प्रतिज्ञ हैं। 

7- अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस बात पर भी प्रसन्नता व्यक्त की कि बहुत जल्द ही अगले सप्ताह भारत में विश्व स्तरीय अमेरिकन एनबीए बॉस्केटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, “प्रधानमंत्री जी क्या मुझे निमंत्रण मिलेगा ? मैं आ सकता हूं, तैयार रहियेगा मैं वाकई में आ सकता हूं।” 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER