महाराष्ट्र / उबर कैब ड्राइवर को रास्ते में आने लगी नींद, महिला यात्री ने 150 किमी खुद कार चलाई

महाराष्ट्र में एक महिला यात्री को उबर कार खुद चलानी पड़ी। दरअसल, पुणे से करीब 150 किमी दूर मुंबई जा रही महिला ने उबर कैब बुक की थी। उसके ड्राइवर को रास्ते में नींद आने लगी। मजबूर होकर महिला ने खुद स्टीयरिंग संभाली और कार चलाकर मुंबई पहुंची। मामला 21 फरवरी का है। लेकिन यह तब सामने आया, जब 28 साल की तेजस्विनी दिव्या नाइक ने घटना के फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए।

पुणे | महाराष्ट्र में एक महिला यात्री को उबर कार खुद चलानी पड़ी। दरअसल, पुणे से करीब 150 किमी दूर मुंबई जा रही महिला ने उबर कैब बुक की थी। उसके ड्राइवर को रास्ते में नींद आने लगी। मजबूर होकर महिला ने खुद स्टीयरिंग संभाली और कार चलाकर मुंबई पहुंची। मामला 21 फरवरी का है। लेकिन यह तब सामने आया, जब 28 साल की तेजस्विनी दिव्या नाइक ने घटना के फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए। वीडियो के जरिए तेजस्विनी ने उबर कंपनी से ड्राइवर की शिकायत भी की।

दिव्या ने कहा- ‘मैंने पुणे से अंधेरी (मुंबई) के लिए उबर कैब बुक की थी। शुरुआत में ड्राइवर लगातार फोन पर बात कर रहा था। मैंने उसे फोन से बात करने से रोका। उसने फोन रखा तो उसे नींद आने लगी। एक बार तो एक्सीडेंट होते-होते बचा। मैंने ड्राइवर से कहा कि अगर उसे सोना हो तो थोड़ी देर मैं ड्राइव कर लेती हूं। पहले तो उसने मना किया लेकिन बाद में मैंने स्टीयरिंग संभाल ली।

शिकायत पर ड्राइवर सस्पेंड, कंपनी ने माफी भी मांगी

तेजस्विनी ने कहा- ‘जब आधे घंटे का रास्ता बचा तो ड्राइवर जाग गया और कार चलाने लगा। उबर से शिकायत की तो ईमेल पर जवाब मिला कि ड्राइवर को कंपनी की ओर से सस्पेंड कर दिया गया है। उबर ने इस घटना पर दुख जताते हुए माफी भी मांगी है।’ तेजस्विनी के मुताबिक, उन्होंने सबूत के तौर पर ड्राइवर के फोटो खींचे और वीडियो बना लिया था। तेजस्विनी एक लेखिका हैं और फिल्मों के लिए कहानी लिखती हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER