Janata Curfew / बढ़ते कोरोना केस पर यह राज्य जनता कर्फ्यू का लेगा सहारा, जानिए कब तक होगा लागू

Zoom News : Mar 09, 2021, 09:28 PM
Janata Curfew | महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के बढ़ते मामले एक बार फिर से लोगों को डराने लगे हैं। उद्धव सरकार नए मामलों पर रोक लगाने के उद्देश्य से बड़े फैसले ले रही है। इसी कड़ी में जलगांव की नगर निगम सीमा में जनता कर्फ्यू लगाए जाने का ऐलान किया गया। यह कर्फ्यू 11 मार्च रात आठ बजे से शुरू होकर 15 मार्च तक सुबह आठ बजे तक लागू रहेगा। इस दौरान इमरजेंसी, एमपीएससी और अन्य एग्जाम वाले डिपार्टमेंट को छूट दी जाएगी।

जलगांव के जिला कलेक्टर अभिजीत राउत ने बताया कि जनता कर्फ्यू का ऑर्डर लागू करवाने की पूरी जिम्मेदारी नगर निगम और स्थानीय पुलिस की होगी। जो भी कर्फ्यू का उल्लंघन करते हुए पाया जाएगा, उसके खिलाफ महामारी ऐक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

राज्य के कई जिलों में पिछले कुछ दिनों में कोरोना मामलों में तेजी से उछाल आया है, जिसकी वजह से कई जगह लॉकडाउन भी लगाया गया। ठाणे शहर के 11 हॉटस्पॉट में 13 मार्च से 31 मार्च के बीच लॉकडाउन की घोषणा की गई है। ठाणे नगर आयुक्त विपिन शर्मा द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि पिछले कुछ दिनों में इन क्षेत्रों में कोरोना के मामलों में वृद्धि के कारण यह निर्णय लिया गया। 

वहीं, मुंबई में पिछले महीने की तुलना में एक्टिव केसों की संख्या में लगभग 89% की वृद्धि हुई है। अंधेरी (पश्चिम), चेंबूर, गोवंडी सहित आठ सिविक वार्ड में सबसे अधिक कोरोना केस दर्ज किए जा रहे हैं और इनका इस आंकड़ों में सबसे अधिक योगदान है। मुंबई में 7 मार्च को कोरोना के 1360 नए केस दर्ज किए गए, जबकि 1020 लोग अस्पताल से डिस्चार्ज हुए। वहीं, 6 मार्च को मुंबई के एक्टिव मामलों की संख्या 10,398 हो गई, जो फरवरी के पहले सप्ताह में केवल 5,500 थी। 

महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री ने लॉकडाउन पर दिया था यह बयान

एक दिन पहले ही राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कोरोना की स्थिति को चिंताजनक बताया था। राजेश टोपे ने कहा था कि हमें कड़े कदम उठाने होंगे, जरूरत पड़ी तो कुछ जिलों में लॉकडाउन लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हमने लॉकडाउन के लिए निर्णय लेने के लिए जिलों के प्रशासन को सशक्त बनाया है। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि लोगों को नियमों का पालन करने की आवश्यकता है। नियम का पालन नहीं करने को लेकर हम जुर्माना बढ़ा सकते हैं।

औरंगाबाद में वीकेंड लॉकडाउन का ऐलान

वहीं, महाराष्ट्र सरकार ने संभाजीनगर (औरंगाबाद) में कोरोना के केस में वृद्धि होने की वजह से वीकेंड पर लॉकडाउन लागू करने का ऐलान किया है। पिछले दिनों राज्य के मंत्री एकनाथ शिंदे ने बताया कि  11 मार्च से 4 अप्रैल तक बढ़ते कोरोना वायरस मामलों के बीच संभाजीनगर (औरंगाबाद) में रात के समय प्रतिबंध लागू रहेंगे। इसका समय रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक होगा। वहीं, वीकेंड पर पूरी तरह से लॉकडाउन होगा। इस दौरान स्कूल, कॉलेज, मैरिज हॉल बंद रहेंगे।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER