चुनाव / जयपुर जिले की 10 नगर पालिकाओं में चेयरमैन चुनाव के लिए आज मतदान शुरू

Zoom News : Dec 20, 2020, 01:31 PM
  • आज सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा मतदान
  • निर्दलीय पार्षद निभाएंगे किंग मेकर की भूमिका

जयपुर.जिले की 10 नगर पालिकाओं में नवनिर्वाचित पार्षदों द्वारा आज बोर्ड का चेयरमेन चुनाव जाएगा। इसके लिए आज सुबह 10 बजे से मतदान शुरु हुआ। यह दोपहर 2 बजे तक चलेगा। इसके बाद परिणाम आना शुरु होंगे। जयपुर जिले में चौमूं, रेनवाल , जोबनेर, फुलेरा , बगरू , चाकसू व सांभर लेक नगर पालिकाओं में 220 निर्वाचित पार्षदों के द्वारा 17 अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा। वहीं शाहपुरा, कोटपूतली व विराटनगर नगरपालिका मंडल के लिए 100 पार्षद अपने बोर्ड का चेयरमेन चुनेंगे।


10 नगर पालिकाओं में भाजपा-कांग्रेस की जीत का गणित, निर्दलीयों के हाथ में सत्ता की चाबी:


चौमूं, रेनवाल, जोबनेर, फुलेरा, बगरू, चाकसू व सांभर लेक सात नगर पालिकाओं में अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के 6 ,कांग्रेस के 7 और 4 निर्दलीय चुनाव मैदान में हैं। फुलेरा में भाजपा ने अपना उम्मीदवार खड़ा नहीं किया था और निर्दलीय को समर्थन देकर चुनाव मैदान में खड़ा रखा है। चौमूं, जोबनेर, फुलेरा, रेनवाल में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत प्राप्त हुआ है। इसलिए यहां पर कांग्रेस का अध्यक्ष चुना जाना पूरी तरह तय माना जा रहा है, लेकिन सांभर लेक चाकसू और बगरू में किसी भी राजनीतिक दल को बहुमत नहीं मिलने से यहां का अध्यक्ष पद का चुनाव रोचक बना हुआ है।


फुलेरा : कांग्रेस व निर्दलीय के बीच मुकाबला:


पालिकाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस की संगीता अग्रवाल व निर्दलीय प्रत्याशी पूजा भाटी के बीच मुकाबला होगा। फुलेरा पालिका बोर्ड के 25 वार्डो में से कांग्रेस के पास 14, भाजपा के पास 09 तथा 2 निर्दलीय पार्षद है। यहां कांग्रेस प्रत्याशी की जीत तय मानी जा रही है।


सांभरलेक : निर्दलीय पार्षदों की रहेगी निर्णायक भूमिका:


सांभर लेक नगरपालिका में 25 नव निर्वाचित पार्षद मतदान करेंगे। यहां निर्दलीय पार्षदों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। सांभर नगर पालिका में 25 वार्ड के लिए सम्पन्न हुए चुनाव में भाजपा एवं कांग्रेस दोनों पार्टियों को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला। दोनों पार्टियों ने 9 - 9 सीटों पर जीत हासिल की थी। जबकि निर्दलीयों को 7 सीट पर जीत हुई। ऐसे में पार्टी को अधिक निर्दलीय पार्षदों का समर्थन मिलेगा उसी पार्टी का अध्यक्ष एवं बोर्ड बनेगा। कांग्रेस के पास 5 एवं भाजपा के पास 2 निर्दलीय पार्षद का समर्थन प्राप्त होने का दावा किया जा रहा है ।


बगरू नगर पालिका चुनाव में भाजपा- कांग्रेस सहित दो निर्दलीयों के मैदान में:


बगरु नगर पालिका चुनाव में चेयरमेन का चुनाव रोचक होगा। यहां चारों ही अध्यक्ष पद प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत का दावा ठोकते नजर आ रहे है। जहां पर कांग्रेस 16 सीट जीतकर दो खेमों में बंटी हुई है, वहीं भाजपा के सभी पार्षद एकजुट तो है ,लेकिन बहुमत के आंकड़े से 7 सीट दूर थी। कांग्रेस आपसी गुटबाजी के चलते भाजपा भी पालिकाध्यक्ष की दौड़ में मजबूती के साथ शामिल हो गई है।


किशनगढ़ रेनवाल में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत, इसी पार्टी का चेयरमेन होगा:


यहां नगर पालिका चुनाव में 5 सदस्यों वाले बोर्ड में कांग्रेस 18 सीट लेकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। जबकि भाजपा 10 व निर्दलीय 7 सीटों पर विजयी रहे है। आज यह देखना दिलचस्प होगा कि कांग्रेस को कितने निर्दलीयों का समर्थन मिलता है। शहर में नगरपालिका वर्ष 1985 में बनाई गई थी व पहला चुनाव 1990 में हुआ था। अब तक पालिका बोर्ड के छह कार्यकाल पूरे हो चुके है।


कोटपूतली नगर पालिका में त्रिकोणीय, शाहपुरा व विराटनगर में भाजपा व कांग्रेस में सीधी टक्कर होगी:


कोटपूतली नगर पालिका में त्रिकोणीय, शाहपुरा व विराटनगर में भाजपा व कांग्रेस में सीधी टक्कर होगी। हालांकि विराटनगर में कांग्रेस के पास पूर्ण बहुमत होने के कारण कांग्रेस का बोर्ड बनता नजर आ रहा है। मतदान के बाद मतगणना करके परिणाम घोषित किया जाएगा।शाहपुरा में 35 वार्डों में से कांग्रेस 15, भाजपा 14 व 6 निर्दलीय पार्षद जीते थे। ऐसे में दोनों ही पार्टियों के पास स्पष्ट बहुमत नहीं होने पर निर्दलीय के सहारे दोनों ही पार्टियां अपना चेयरमैन बनाने का दावा कर रही है। इसी प्रकार कोटपूतली में 40 वार्डों में से 24 निर्दलीय, भाजपा 8 व कांग्रेस ने 8 सीटें जीती है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER