WHO / डब्ल्यूएचओ ने कोरोना महामारी को लेकर दुनिया को फ‍िर किया खबरदार, जानिए क्या कहा?

Vikrant Shekhawat : Feb 13, 2021, 10:19 PM
WHO: विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के प्रमुख टेड्रोस अदनोम घेबरेसस ने कोरोना महामारी को लेकर एक बार फ‍िर दुनिया को खबरदार किया है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर कोरोना के नए मामलों में गिरावाट हुई है, लेकिन सतर्कता रखने की जरूरत है। उन्‍होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाह होने पर संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। टेड्रोस ने शुक्रवार को बताया कि दुनिया में लगातार चौथे हफ्ते नए मामलों में गिरावट दर्ज की गई है।

डब्ल्यूएचओ प्रमुख ने कहा कि कोरोना से मरने वालों की संख्या भी कम हुई है। उन्होंने कहा कि देशों में स्वास्थ्य उपायों को सख्ती से लागू करने के परिणाम स्वरूप यह गिरावट दिख रही है। इस स्थिति में किसी भी देश में रोकथाम के उपायों में ढील नहीं मिलनी चाहिए। डब्ल्यूएचओ के डाटा के अनुसार, इस सप्ताह दुनियाभर में 19 लाख से ज्यादा संक्रमित पाए गए, जबकि इससे पहले वाले हफ्ते में 32 लाख से अधिक मामले सामने आए थे। विश्वभर में अब तक कुल दस करोड़ 80 लाख से ज्यादा मामले मिले हैं।  23 लाख 80 हजार से ज्यादा पीडि़तों की मौत हुई है।

उधर, पाकिस्तान में चीन निर्मित एक और वैक्सीन को मंजूरी मिल गई। यह देश चार टीकों को स्वीकृति दे चुका है। यहां टीकाकरण अभियान चल रहा है। रूस में देशभर में करीब 15 हजार नए मामले मिलने से पीडि़तों की संख्या 40 लाख 57 हजार से अधिक हो गई। 79 हजार से ज्यादा मरीजों की मौत हुई है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER