जयपुर / कोटा-झालावाड़ में सेना राहत-बचाव कार्य में जुटी, करौली-धौलपुर में भी चंबल उफान पर

Dainik Bhaskar : Sep 15, 2019, 11:22 AM
जयपुर। पूर्वी राजस्थान में मानसून सक्रिय है। मानसून अपने अंतिम चरण में है, लेकिन जमकर बरस रहा है। कोटा, झालावाड़ में हालात खबरा हैं। यहां शनिवार से सेना राहत व बचाव कार्य में जुटी है। रविवार को कोटा बैराज से 6 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। धौलपुर व करौली में चंबल उफान पर है। करौली के करणपुर क्षेत्र के कई गांव पानी से घिरे हैं। धौलपुर में चंबल खतरे के निशान से 9.21 मीटर ऊपर बह रही है। देर रात तक चंबल का जलस्तर 139 मीटर पर जा पहुंचा था।

जबकि खतरे का निशान 129.79 मीटर है।

आपदा प्रबंधन और कलेक्टर हालातों पर नजर रखे हुए हैं। बीसलपुर बांध के रविवार को 12 गेट खोल कर एक लाख 96 हजार क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। पानी बनास नदी में छोड़ा जा रहा है। यहां त्रिवेणी का गेज 5,70 मीटर चल रहा है। इससे बीसलपुर में पानी की आवक जारी है। अधिग्रहण इलाकों में भी बारिश के चलते बांध में पानी की आवक जारी है।

हालांकि पिछले तीन दिन लगातार बारिश के बाद बांसवाड़ा में बीती रात से ही बारिश रुकी हुई है। वहीं प्रतापगढ़ में रविवार को रिमझिम बारिश का दौर चला। यहां बीते चार दिनों लगातार बारिश होने से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया था। हालांकि अभी भी जाखम बांध पर चादर चल रही है। वहीं प्रदेश में अब तक 40.3% ज्यादा बारिश हो चुकी है। जहां इस मौसम में 506.45 मिमी बारिश होनी थी वहीं अब तक 710.96 मिमी बारिश हो चुकी है। गांधीसागर, राणा प्रताप सागर, जवाहर सागर, कोटा बैराज, काली सिंध, बीसलपुर समेत प्रदेश के कई बांध लबालब हैं। वहीं प्रदेश के 385 बांधों पर चली चादर चली है। कालीसिंध और चंबल समेत कई नदियां उफान पर हैँ।

जयपुर में रविवार की सुबह बेहद सुहानी रही। लोगों की नींद बारिश की टप-टप से खुली। यहां कई इलाकों में सुबह सात बजे बारिश का दौर शुरू हुआ जो तीन घंटे तक चलता रहा। रविवार की छुट्टी होने के कारण सुबह बारिश से लोगों के चेहरे खिल उठे। साथ ही बढ़ते तापमान से पड़ रही गर्मी व उमस से जयपुर वासियों को राहत मिली। हालांकि तेज बारिश से कई इलाकों में पानी भर जाने से राहगीरों व वाहन चालकों को परेशानी हुई।

पिछले 24 घंटों में यहां बरसे मेघ

 जयपुर में 29.2, कोटा मं 47.8, सवाईमाधोपुर में 10.0, चित्तौड़गढ़ में 20.0, डबोक में 1.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं बीती रात 12 शहरों का तापमान 25 डिग्री से ऊपर रहा। बीती रात सबसे अधिक तापमान 29.0 डिग्री फलौदी में रहा। यहां पिछले कुछ रातों से तापमान सबसे अधिक बना हआ है। हालांकि दो रात पहले यहां तापमान 31.0 डिग्री था। दिन व रात के तापमान में दो से तीन डिग्री तक की गिरावट आई है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER