राजस्थान / भीलवाड़ा के सहाड़ा से कांग्रेस विधायक कैलाश त्रिवेदी का निधन

Zoom News : Oct 06, 2020, 06:56 PM

भीलवाड़ा के सहाड़ा से कांग्रेस विधायक कैलाश त्रिवेदी का देर रात निधन हो गया। वे 65 साल के थे। उनका दिल्ली के मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा था। त्रिवेदी कोरोना पॉजिटिव आने के बाद निगेटिव आ गए थे, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका था। लगातार गिरते स्वास्थ्य के चलते उन्हें जयपुर से एयरलिफ्ट करके दिल्ली रेफर ले जाया गया था।

त्रिवेदी के निधन पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी समेत सभी नेताओं ने दुख जताया। सीएम ने लिखा- भीलवाड़ा के विधायक और कांग्रेस नेता कैलाश त्रिवेदी के निधन पर गहरा दुख हुआ है। उनके परिवार के सदस्यों और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। इस कठिन समय में वे मजबूत बने रहें। उनकी आत्मा को शांति मिले।


15 सितंबर को कैलाश त्रिवेदी को एसएमएस अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। जिसके कुछ दिन पहले ही वो कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। उपचार के दौरान उनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव से निगेटिव हो गई। लेकिन हालात ज्यादा बिगड़ने के कारण उन्हें 2 अक्टूबर को दिल्ली के मेदांता अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।

कैलाश त्रिवेदी मुख्यमंत्री गहलोत के खास विधायकों में से एक माने जाते थे। वे सहाड़ा से तीसरी बार विधायक बने थे। अपने पिता के बाद कैलाश ने राजस्थान की राजनीति में कदम रखा था।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER