देश / जितिन प्रसाद का बीजेपी में जाना एक बड़े चांटे के समान है: कांग्रेस नेता हरीश रावत

Zoom News : Jun 10, 2021, 01:29 PM
नई दिल्ली: पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता जितिन प्रसाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले इसे भाजपा के लिए फायदे और कांग्रेस के लिए एक बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है। उनकी बीजेपी में जाने पर कांग्रेस से मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कहा कि जितिन प्रसाद का भाजपा में शामिल होना हमारे चेहरे पर एक बड़े तमाचे की तरह है। यह दुखद और निराशाजनक है। मुझे आश्चर्य है कि उन्होंने कांग्रेस को एक क्षेत्रीय पार्टी कहा और उस पार्टी में शामिल हो गए जिसके खिलाफ उनके परिवार ने लड़ाई लड़ी।

कांग्रेस सांसद मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, 'जाने वाले जाते रहते हैं, हम उन्हें रोक नहीं सकते। यह उनका फैसला था, उनका यहां (कांग्रेस पार्टी) भविष्य भी था। हालांकि, यह दुर्भाग्यपूर्ण है।

हालांकि मध्य प्रदेश कांग्रेस के ट्विटर हैंडल से इस संबंध में अभद्र ट्वीट किया गया, जिसे बाद में हटा लिया गया। इसमें लिखा था, 'जितिन प्रसाद के जाने से कांग्रेस खुश है- यह एक कूड़ा कूड़ेदान में डालने जैसी सामान्य प्रक्रिया है।' वहीं छत्तीसगढ़ कांग्रेस के ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया, 'जितिन प्रसाद जी का कांग्रेस पार्टी छोड़ने के लिए धन्यवाद। कांग्रेस में कार्यकर्ता बनकर रहना पड़ता है, नेता नहीं।'

'राजनीतिक जीवन का एक नया अध्याय शुरू'

भाजपा में शामिल होने के बाद प्रसाद ने पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात की। इससे पहले उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। शाह ने प्रसाद का भाजपा में स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि उनके पार्टी में शामिल होने से उत्तर प्रदेश में भाजपा को और मजबूती मिलेगी। जितिन ने कहा, 'आज से मेरे राजनीतिक जीवन का एक नया अध्याय शुरू हो रहा है। पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने अनुभव किया कि अगर देश में असली मायने में कोई राजनीतिक दल है तो वह भाजपा ही है। बाकी दल तो व्यक्ति विशेष और क्षेत्र विशेष के होकर रह गए हैं। आज देश हित के लिए कोई दल और नेता सबसे उपयुक्त है और वह मजबूती के साथ खड़ा है तो वह भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं।'

प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस में रह कर वह जनता के हितों की रक्षा नहीं कर पा रहे थे इसलिए वहां बने रहने का कोई औचित्य नहीं था। उन्होंने कहा, 'अब भाजपा वह माध्यम बनेगी। एक सशक्त संगठन और मजबूत नेतृत्व है यहां, जिसकी आज देश को जरूरत है। मैं इस वक्त ज्यादा बोलना नहीं चाहता, मेरा काम बोलेगा। अब मैं एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में काम करूंगा। जो उद्देश्य ‘सबका साथ, सबका विकास’ और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का है उसको लेकर मैं भाजपा के एक कार्यकर्ता के रूप में काम करूंगा।'

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER