देश / BJP की बैठक आज, 14 नेताओं के सहारे बनेगा इलेक्शन प्लान

Zoom News : Jun 19, 2022, 08:36 AM
राष्ट्रपति चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी रविवार को बड़ी बैठक करने जा रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की जाएगी। खास बात है कि पार्टी ने नड्डा और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को राष्ट्रपति पद के लिए सभी राजनीतिक दलों की सहमति हासिल करने का जिम्मा सौंपा है।

चुनाव आयोग की तरफ से जारी कार्यक्रम के अनुसार, 18 जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान होंगे। इसके चलते भाजपा ने राज्यों की इकाइयों और सहयोगियों समन्वय करने के लिए 14 सदस्यों की समन्वय समिति का गठन किया है। भाजपा ने केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को इलेक्शन मैनेजमेंट कमेटी का समन्वयक बनाया है। वहीं, भाजपा के महासचिव विनोद तावड़े और सीटी रवि समिति के उप-समन्वयक हैं।

इस टीम में केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी, अश्विनी वैष्णव और सर्वानंद सोनोवाल, संसदीय मामलों के मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, स्वास्थ्य राज्यमंत्री भारती पवार, राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डीके अरुण और राष्ट्र सचिव ऋतुराज सिन्हा शामिल हैं।

इसके अलावा भाजपा की महिला मोर्चा प्रमुख वनति श्रीनिवास, लोकसभा सांसद डॉक्टर राजदीप रॉय और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा इस समिति का हिस्सा हैं। रविवार को होने वाली इस बैठक में समिति के सदस्यों को उनकी जिम्मेदारियों की जानकारी दी जाएगी।

समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से लिखा कि 14 सदस्यों को अलग-अलग राज्यों की जिम्मेदारी दी जा सकती है। ये सदस्य राज्यों में पहुंचेंगे और वहां काम संभालेंगे।

इधर, विपक्षी दलों ने राष्ट्रपति चुनाव में संयुक्त उम्मीदवार उतारने का फैसला किया है। 18 जुलाई को मतदान के बाद 21 जुलाई को मतगणना होगी। मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER