जोधपुर / भाजपा के शेखावत को सवा लाख से अधिक की मजबूत बढ़त, सरदारपुरा में भी पिछड़े वैभव

Dainik Bhaskar : May 23, 2019, 01:50 PM
सभी आठ विधानसभा क्षेत्र में शेखावत आगे, सबसे अधिक लूणी से 32 हजार की बढ़त

जोधपुर। पांचवें राउंड की मतगणना के पश्चात भाजपा के गजेंद्र सिंह शेखावत ने 1,23,923 वोटों की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। जोधपुर लोकसभा की सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशी शेखावत की बढ़त का अंतर लगातार बढ़ता जा रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के विधानसभा क्षेत्र सरदारपुरा में भी कांग्रेस प्रत्याशी वैभव 18 हजार से अधिक मत से पिछड़ रहे है। जबकि लूणी विधानसभा क्षेत्र से शेखावत ने सबसे अधिक 32 हजार की मजबूत बढ़त प्राप्त कर ली है। 

प्रदेश की सबसे चर्चित जोधपुर लोकसभा क्षेत्र के मतदाताओं पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जादू सिर चढ़ कर बोलता हुआ नजर आ रहा है।  शुरुआती रुझान से स्पष्ट नजर आ रहा है कि यहां के लोगों ने अपने चहेते मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पुत्र वैभव की अपेक्षा मोदी के चहेते गजेन्द्र सिंह शेखावत को तवज्जों प्रदान की। यहीं कारण है कि अब तक शेखावत एक लाख से अधिक की अजेय बढ़त हासिल कर चुके है। प्रत्येक राउंड की मतगणना के पश्चात उनकी बढ़त का अंतर लगातार बढ़ता जा रहा है।

शेखावत ने फलोदी से 10,441 की बढ़त हासिल की है। यहां से भाजपा को 47,280 व कांग्रेस को 36,877 मत मिले है। 
लोहावट में शेखावत को 13,090 की बढ़त मिल चुकी है। यहां शेखावत को 38,383 व वैभव को 25,293 मत मिले है।
शेरगढ़ में शेखावत की बढ़त 19,149 की हो चुकी है। यहां शेखावत को 47,181 व वैभव को 28,032 मत मिले है। 
सरदारपुरा विधानसभा क्षेत्र से शेखावत 18,510 की मजबूत बढ़त हासिल कर चुके है। यहां शेखावत को 89,015 व वैभव को 70,505 मत मिले है।
जोधपुर शहर से शेखावत पहले पीछे चल रहे थे, लेकिन अब उन्होंने 5,714 की बढ़त हासिल कर ली। यहां शेखावत को 41,448 व वैभव को 35,734 मत मिले है।
सूरसागर से शेखावत की बढ़त 11,953 मत की हो चुकी है। यहां शेखावत को 54,124 व वैभव को 42,171 मत मिले है।
लूणी से शेखावत 32,373 मत की मजबूत बढ़त हासिल कर चुके है। यहां शेखावत को 70,393 व वैभव को 38,020 मत मिले है। 
पोकरण विधानसभा क्षेत्र से शेखावत 11,650 की बढ़त हासिल कर चुके है। यहां शेखावत को 44,310 व वैभव को 32,680 मत मिले है। 
 
13 लाख से अधिक लोगों ने डाले थे वोट

मतगणना महिला पॉलिटेक्निक तथा राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के 10 कक्षों में सुबह 8 बजे से शुरू होगी। जोधपुर 13.34 लाख लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया था। रुझान दोपहर तक आना शुरू हो जाएंगे, अंतिम परिणाम शाम तक ही मिलने की उम्मीद है। क्योंगि, वीवीपेट की पर्चियों के मिलान में समय लगेगा। इसकी गणना पूरी होने के बाद ही परिणाम जारी किया जाएगा।  

पांच बार सांसद रहे मुख्यमंत्री गहलोत
रेगिस्तान का सिंह द्वार कहलाने वाले कांग्रेस के गढ़ जोधपुर में भाजपा सेंध मार कर चुकी है। यहां अब तक हुए चुनावों में 8 बार कांग्रेस और चार-चार बार भाजपा व निर्दलीय ने बाजी मारी। जबकि, एक बार जनता पार्टी का प्रत्याशी विजयी रह चुका है। कांग्रेस की 8 जीत में गहलोत की अहम भूमिका रही। वह यहां से पांच बार सांसद रहे।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER