एजुकेशन / 10वीं- 12वीं की मार्क्सशीट में होगा बदलाव, फेल शब्द की जगह इस्तेमाल होगा दूसरा शब्द

Dainik Bhaskar : Feb 07, 2020, 11:25 AM
एजुकेशन डेस्क | केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) 10वीं और 12वीं की मार्क्सशीट में बड़ा बदलाव करने का विचार बना रही है। यह बदलाव उन स्टूडेंट्स के लिए होगा, जिनकी मार्क्सशीट में किसी वजह से परीक्षा में बेहतर नंबर नहीं आने पर फेल लिखा जाता है। बदलाव के तहत बोर्ड ने इस शब्द को बदलने की सोची है। इसके लिए बोर्ड ने सभी सीबीएसई स्कूलों के प्रिंसिपल्स से फेल की जगह दूसरे शब्द के इस्तेमाल के लिए सुझाव मांगे हैं। इस पर सुझाव देते हुए कहा गया कि शब्द ऐसा हो, जिससे बच्चों के मन में निगेटिविटी ना आए। इसे पढ़ने के बाद असफल होने की बात तो पता चले, लेकिन भविष्य में सफल होने का उत्साह भी बना रहे। 

असफलता का अहसास कराता है फेल शब्द

सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज के मुताबिक मार्क्सशीट में फेल शब्द अक्सर बच्चे को असफलता का अहसास कराता है। अगर एक बार बच्चे को असफल होने का अहसास हो जाए, तो ऐसे में बच्चों को उस स्थिति से निकालना बहुत मुश्किल हो जाता है। बच्चा डिप्रेशन की स्थिति तक में जा सकता है, जिससे उसके अंदर आगे भविष्य में भी कुछ नहीं कर पाने का भाव आ जाता है।

ऐसे में बच्चों को उत्साह देने की जरूरत है। इसलिए यह प्रस्ताव रखा गया है कि मार्क्सशीट में फेल शब्द को हटाकर कोई दूसरा शब्द लिखा जाए, जिससे बच्चों पर नकारात्मक असर न पड़े। वहीं, सीबीएसई की मीडिया हेड रमा शर्मा ने बताया कि बोर्ड ने मार्क्सशीट में यह बदलाव करने का प्रस्ताव रखा है, जो कि अभी तक विचाराधीन है।

सफल- असफल दोनों का रिजल्ट होता है जारी 

सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में सफल और असफल दोनों ही स्टूडेंट्स का रिजल्ट जारी करता है। साथ ही इसमें वो स्टूडेंट भी शामिल होते हैं, जो एक या दो विषय में फेल हो जाते हैं और उन्हें कंपार्टमेंटल परीक्षा में शामिल होना होता है। लेकिन अब अनुत्तीर्ण होने वाले छात्रों की मार्क्सशीट में फेल शब्द नहीं लिखा जाएगा।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER