China / चीन में बड़ा उलटफेर: शी जिनपिंग के बाद सबसे ताकतवर जनरल हे वेइदोंग भ्रष्टाचार के आरोप में हटाए गए

चीन के दूसरे सबसे शक्तिशाली सैन्य अधिकारी और केंद्रीय सैन्य आयोग के उपाध्यक्ष हे वेइदोंग को भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों के कारण पद से हटा दिया गया है। उनके साथ सात अन्य जनरलों को भी निलंबित किया गया है। यह घटना शी जिनपिंग के उत्तराधिकारी की चर्चाओं के बीच हुई है।

चीन में शी जिनपिंग के उत्तराधिकारी को लेकर जारी चर्चा के बीच एक बड़ा उलटफेर सामने आया है। चीनी सेना में दूसरे सबसे अहम पद पर काबिज हे वेइदोंग को भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों के चलते पद से हटा दिया गया है। वेइदोंग केंद्रीय सैन्य आयोग के उपाध्यक्ष थे, जिसके अध्यक्ष खुद शी जिनपिंग हैं। उन्हें चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के पोलित ब्यूरो से भी निष्कासित कर दिया गया है। सरकार का कहना है कि वेइदोंग पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप थे, जिसके कारण उन्हें पद से हटाने का फैसला किया गया और हालांकि, इस मामले पर वेइदोंग की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब चीन में सरकार और पार्टी को लेकर एक महत्वपूर्ण सालाना बैठक इस महीने के अंत में होनी है।

अन्य जनरलों पर भी गाज

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, हे वेइदोंग के अलावा सात और सेना के जनरलों को भ्रष्टाचार के आरोप में निलंबित किया गया है। इनमें केंद्रीय सैन्य आयोग के सदस्य मियाओ हुआ, हे होंगजुन और सीएमसी संयुक्त संचालन कमान केंद्र के वांग शियुबिन जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं।

हे वेइदोंग का करियर

हे वेइदोंग का जन्म 1957 में चीन के फुजियान में हुआ था। उन्होंने नानजिंग मिलिट्री स्कूल से पढ़ाई पूरी कर सेना में शामिल हुए। 2012 में शी जिनपिंग के सत्ता में आने के बाद से उनका कद लगातार बढ़ता गया। 2013 में उन्हें जिआंगसू सैन्य जिले के कमांडर, फिर 2014 में शंघाई गैरिसन कमांड के कमांडर और 2016 में वेस्टर्न थिएटर कमांड ग्राउंड फोर्स की कमान सौंपी गई और 2018 में उन्हें सेंट्रल लेवल पर तैनाती मिली और पूर्वी कमांड की भी जिम्मेदारी दी गई। 2022 में उन्हें केंद्रीय सैन्य आयोग में उपाध्यक्ष बनाया गया और पार्टी के पोलित ब्यूरो का सदस्य भी नियुक्त किया गया। एक समय उन्हें जिनपिंग का संभावित उत्तराधिकारी माना जाता था, लेकिन 2024 में उनके रिश्तों। में खटास आने की खबरें सामने आईं और अब उन्हें पद से हटा दिया गया है।