CM Gehlot Health / सीएम गहलोत के दोनों पैर के अंगूठे में चोट- कमरे में जाते वक्त पैर फिसला

Zoom News : Jun 30, 2023, 11:08 AM
CM Gehlot Health: मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पैर के अंगूठे में फ्रैक्चर हुआ है। उनका इलाज सवाई मान सिंह हॉस्पिटल (SMS) में किया गया है, जहां एक घंटे जांच, इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनको छुट्‌टी दे दी। साथ ही, एक सप्ताह तक पूरी तरह आराम करने की सलाह दी है। बताया जा रहा है कि घर पर ही मुख्यमंत्री के दाएं पैर में नुकीली चीज चुभने के बाद उनका बैलेंस बिगड़ गया और बायां पैर मुड़ गया। इस वजह से दाएं पैर के अंगूठे का नाखून उखड़ गया और बाएं पैर में हेयर लाइन फ्रैक्चर हो गया। चोट के बाद अब संभावना है कि मुख्यमंत्री के सभी कार्यक्रम और दौरे रद्द किए जा सकते हैं।

गुरुवार शाम करीब छह बजे सीएम हाउस में गहलोत के पैर के अंगूठे में फ्रैक्चर हुआ है। उन्हें फौरन SMS हॉस्पिटल की इमरजेंसी में लाया गया। यहां डॉक्टरों ने एक्सरे, ईसीजी समेत तमाम रूटीन चेकअप किए।

खून बहने के बाद की ड्रेसिंग

नुकीली चीज चुभने के बाद मुख्यमंत्री के पैर से खून बहने लगा था। हॉस्पिटल स्टाफ व्हील चेयर पर ड्रेसिंग रूम लेकर गया और खून निकलने वाली जगह डॉक्टरों ने सबसे पहले ड्रेसिंग की। उसके बाद दोनों पैर का एक्स-रे करवाया। ओएसडी लोकेश शर्मा ने बताया कि सीएम बिल्कुल ठीक हैं। पैर में मामूली चोट आई है। इस दौरान एसएमएस के प्रिंसिपल डॉ. राजीव बगरहट्टा, हड्‌डी रोग विशेषज्ञों और जनरल फिजिशियन की टीम मौजूद रही।

मुख्यमंत्री के साथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पीएचईडी मंत्री महेश जोशी समेत अन्य नेता भी एसएमएस पहुंचे। गहलोत की पत्नी सुनीता गहलोत, पुत्रवधू हिमांशी गहलोत और पौत्री भी हॉस्पिटल पहुंचीं।

एक घंटा हॉस्पिटल रहने के बाद घर गए

हॉस्पिटल से रात करीब 8 बजे गहलोत अपने आवास चले गए। उन्हें अब डॉक्टरों ने पूरी तरह ठीक बताया। साथ ही, एक सप्ताह तक आराम करने की सलाह दी है। एसएमएस के प्रिसिंपल राजीव बगरहट्टा ने हेल्थ बुलेटिन जारी करते हुए बताया- सीएम के दाएं पैर का जो नाखून उखड़ा था, उसे सीनियर प्लास्टिक सर्जन आर.के. जैन ने ठीक करके पैर में कंप्रेशन बैंडेज बांध दी। सीएम ने बाएं पैर में भी दर्द की बात बताई। इसके बाद प्रोफेसर ऑर्थोपेडिक डिपार्टमेंट और ट्रॉमा सेंटर के इंचार्ज डॉ. अनुराग धाकड़ ने सीएम के पैर की जांच की। एक्स-रे में उनके बाएं पैर में अंगूठे के पास हेयर लाइन फ्रैक्चर डिटेक्ट होने के बाद कच्चा प्लास्टर बांधा गया। इसके बाद डॉक्टर धाकड़ ने मुख्यमंत्री को 7 दिन तक आराम करने की सलाह दी है। सात दिन बाद फिर से सीएम का चेकअप होगा।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER