MP Election 2023: मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। उसके कुछ महीनों बाद देश में लोकसभा चुनाव भी होंगे। इन दोनों को ध्यान में रखते हुए मध्य प्रदेश में सभी पार्टियां एक्टिव हो गई हैं। मध्य प्रदेश में इस बार कांग्रेस का प्रयास रहेगा कि वो भाजपा को सत्ता से हटा कर खुद राज्य की सत्ता पर काबिज हो सके। इसके लिए तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने आगामी चुनाव ध्यान में रखते हुए जनता के लिए कुछ बड़ी घोषणाएं कर दी हैं।
कमलनाथ ने किया ट्वीट
कांग्रेस मध्य प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने अपने ट्विटर हैंडल पर ट्वीट करते हुए 11 बड़ी घोषणांए की हैं। उन्होंने ट्वीट में लिखा- कांग्रेस अपने 11 वचनों के साथ मध्य प्रदेश के हर घर में खुशहाली लाने के संकल्प के साथ आप लोगों के बीच है।
उन्होंने आगे लिखा- 18 साल के शासनकाल के बाद भी जिन्हें चुनावी चाल चलना पड़े, वो दल और उनकी सरकार बनावटी, दिखावटी, और सजावटी है।
कांग्रेस अपने 11 वचनों के साथ मध्यप्रदेश के हर घर में ख़ुशहाली लाने के संकल्प के साथ आपके बीच है।
— Kamal Nath (@OfficeOfKNath) August 27, 2023
मध्यप्रदेश की जनता को सुनिश्चित करना है कि वोटों की बोली लगाने वाली सौदागर सरकार के नापाक मंसूबे कामयाब न हों, अब सच्चाई की राजनीति को ही समर्थन और आशीर्वाद मिले।
मैं बार बार दोहरा… pic.twitter.com/pxRNt46Rhp
ये हैं वो बड़ी घोषणाएं
कमलनाथ ने कांग्रेस की घोषणाओं को 'वचनबद्ध- कमलनाथ के 11 वचन' का नाम दिया है।
1. कांग्रेस महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपए देगी।
2. हम 500 रुपए में जनता को सिलेंडर देंगे।
3. 100 यूनिट बिजली बिल माफ और 200 यूनिट का आधा पैसा देना पड़ेगा।
4. किसानों का फसल कर्ज माफ किया जाएगा।
5. कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ मिलेगा।
6. किसानों का 5 हॉर्स पावर बिजली बिल माफ।
7. सिंचाई के पुराने बिजली बिल भी माफ होंगे।
8. 27% ओबीसी आरक्षण का भी लाभ दिया जाएगा।
9. 12 घंटे सुनिश्चित सिंचाई बिजली का रास्ता साफ।
10. जातिगत जनगणना कराया जाएगा।
11. किसान आंदोलन के मुकदमें माफ किए जाएंगे।
